सेंसेक्स 940, निफ्टी 298 उछला मुम्बई (ईएमएस)। घरेलू शेयर बाजार बुधवार को तेजी के साथ बंद हुआ। सप्ताह के तीसरे ही कारोबारी दिन बाजार में ये उछाल दुनिया भर के बाजारों से मिले अच्छे संकेतों के साथ ही खरीददारी हावी होने से आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ संघर्ष समाप्त करने के संकेतों से भी बाजार में उत्साह का माहौल है। इस कारण कच्चे तेल की कीमतों में 6 फीसदी की गिरावट आई है जिससे भी बाजार में उत्साह का माहौल है। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 940.73 अंक बढ़कर 77,958.52 पर पहुंच गया। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 298.15 अंक उछलकर 24,330.95 पर पहुंच गया। बीएसई के शीर्ष 30 शेयरों में से 21 शेयर बढ़त पर बंद हुए। आज कारोबार के दौरान निफ्टी के सभी सेक्टोरियल इंडेक्स में तेजी रही। केवल एफएमसीजी सेक्टर के शेयर ही नीचे आये। व्यापक बाजारों में भी तेजी राही। निफ्टी स्मॉलकैप और निफ्टी मिडकैप शेयरों मे 0.9 फीसदी और 1.1 फीसदी की बढ़त रही। शेयर बाजार में तेजी की वजह से आज निवेशकों को खासा लाभ हुआ। बाजार पूंजीकर 466 लाख करोड़ रुपये से 472 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया जिससे निवेशकों को करीब 6 लाख करोड़ रुपये का लाभ हुआ। वहीं इससे पहले आज सुबह 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 253.42 अंक करीब 0.33 फीसदी की तेजी के साथ 77,248.86 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 95.80 अंक उछलकर 24,129.75 पर करोबार कर रहा था। आज महिन्द्रा एंड महिंद्रा , इंटर ग्लोब एवीएशन और टाटा मोटर्स वाहनों के शेयरों में तेजी रही। इन कंपनियों के शेयरों में खरीदारी से बाजार में तेजी आई। वहीं व्यापक बाजार की बात करें तो मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बढ़त रही। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स लगभग 0.91 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 1.01 फीसदी उछला। दूसरी ओर एशियाई और अमेरिकी बाजारों में भी तेजी का माहौल रहा। ईएमएस 06 मई 2026