- सोना 1.52 लाख के पार, चांदी 2.55 लाख प्रति किलोग्राम पर नई दिल्ली (ईएमएस)। सोने और चांदी के वायदा भाव में गुरुवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) और अंतरराष्ट्रीय कॉमेक्स दोनों ही बाजारों में कीमती धातुओं के दाम तेजी के साथ खुले और खबर लिखे जाने तक उछाल के साथ कारोबार कर रहे थे। घरेलू बाजार में सोना 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही थी, जिससे निवेशकों में उत्साह का माहौल है। एमसीएक्स पर सोने का बेंचमार्क जून कॉन्ट्रैक्ट 755 रुपये की बढ़त के साथ 1,52,887 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। यह कॉन्ट्रेक्ट अपने पिछले बंद भाव 1,52,132 रुपये से काफी ऊपर था। खबर लिखे जाने के समय, सोना 568 रुपये की तेजी के साथ 1,52,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। दिन के दौरान इसने 1,52,887 रुपये का उच्च स्तर छुआ। हालांकि, इस साल सोने ने 1,80,779 रुपये का सर्वोच्च स्तर देखा था। चांदी के वायदा भाव में भी जोरदार उछाल दर्ज किया गया। एमसीएक्स पर चांदी का जुलाई कॉन्ट्रैक्ट 1,733 रुपये की बढ़त के साथ 2,54,998 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला। पिछला बंद भाव 2,53,265 रुपये था। खबर लिखे जाने के समय यह कॉन्ट्रैक्ट 2,535 रुपये की बड़ी तेजी के साथ 2,55,800 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा था। इसने दिन में 2,57,055 रुपये का उच्चतम स्तर हासिल किया। चांदी ने इस साल 4,20,048 रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड उच्च स्तर छुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी के वायदा भाव में तेजी का रुझान बना हुआ है। कॉमेक्स पर सोना 4,702.20 डॉलर प्रति औंस पर खुला और खबर लिखे जाने तक 22.40 डॉलर की तेजी के साथ 4,716.70 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह कॉमेक्स पर चांदी 77.83 डॉलर प्रति औंस पर खुली और 1.12 डॉलर की बढ़त के साथ 78.42 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। वैश्विक स्तर पर कीमती धातुओं की बढ़ती मांग कीमतों में इस उछाल का मुख्य कारण बताई जा रही है। सतीश मोरे/07मई ---