भोपाल(ईएमएस)। शहर निशातपुरा थाना इलाके में तीन आरोपियो ने 14 लोगो को 25 लाख रुपए में डुप्लेक्स बनाकर देने के नाम पर करोड़ो की ठगी कर ली। मिली जानकारी के अनुसार जग प्रकाश ममतानी, दीपक और अशोक गोयल नामक आरोपियो ने द्वारिका धाम के सामने एक कॉलोनी का निर्माण किया था। इनकी कंस्ट्रक्शन कंपनी का नाम नीहो और प्रोजेक्ट का नाम स्कॉटिश गार्डन था। इस कॉलोनी में दो सैम्पल हाउस बनाकर लोगों को दिखाए गये थे। इन डुप्लेक्स की कीमत करीब 25 लाख रुपए रखी गई थी। बनाकर रखे गये सैम्पल हाउस दिखाकर लोगों को प्रोजेक्ट बेचा जा रहा था। आरोपियों ने 14 लोगों से प्रोजेक्ट में डुप्लेक्स बेचने के नाम पर 25-25 लाख रुपए ले लिए और डुप्लेक्स न देते हुए रकम हड़पकर चंपत हो गए। और सभी के फोन उठाना भी बंद कर दिए हैं। जबकि आरोपियों ने रेरा रजिस्ट्रेशन कराकर कॉलोनी का निर्माण किया था। परेशान होकर डुप्लेक्स की रकम देने वाले फरियादी सर्वेश दायदा सहित अन्य लोगों ने इसकी पुलिस से लिखित शिकायत की थी। आवेदन की जांच के बाद पुलिस ने तीनो आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की है। बताया गया है कि आरोपी जगप्रकाश ममतानी गुजरात का और दीपक दिल्ली का रहने वाला है। इनका तीसरा प्रार्टनर अशोक गोयल भोपाल का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। जुनेद / 6 मई