राज्य
06-May-2026
...


खरीदी केंद्र से लेकर उद्योग और राजस्व कार्यालयों का किया निरीक्षण जबलपुर (ईएमएस)। जिले में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने शहपुरा-चरगवां क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गेहूं खरीदी केंद्रों, औद्योगिक क्षेत्र, निर्माणाधीन स्कूल और उप तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने चरगवां क्षेत्र के एमएस वेयरहाउस सेमरा और सांवरिया जी एग्रो वेयरहाउस स्थित गेहूं खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने गेहूं की गुणवत्ता जांचने की प्रक्रिया, मॉइश्चर माप और तौल कांटों का भौतिक सत्यापन कराया। उन्होंने बारदाने की उपलब्धता, भंडारण व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति भी देखी। किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। सेमरा केंद्र पर सर्वेयर का काम संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उसे हटाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए, लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी। औद्योगिक क्षेत्र और सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण.. दौरे के दौरान कलेक्टर उमरिया-डुंगरिया औद्योगिक क्षेत्र पहुंचे और वहां संचालित जावी मेडिकेयर इंडस्ट्रीज का निरीक्षण किया। उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया, मैनपावर, क्षमता और उत्पादों की बिक्री व निर्यात की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने चरगवां में निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण कर निर्माण गुणवत्ता की जांच की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि काम समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश... कलेक्टर ने उप तहसील कार्यालय चरगवां का भी औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सीमांकन, नामांकन, बंटवारा सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से लंबित मामलों के कारण पूछे और निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण किया जाए। खासतौर पर सीमांकन मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को सख्त संदेश... कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने साफ कहा कि किसी भी शासकीय कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चाहे वह खरीदी केंद्र हो, निर्माण कार्य या राजस्व मामले हर जगह पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना जरूरी है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। सुनील साहू / शहबाज / 06 मई 2026/ 09.00