नईदिल्ली (ईएमएस)। अप्रैल 2026 में बजाज ऑटो ने बेहद शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है। इस दौरान कंपनी की कुल बिक्री 5,13,792 यूनिट्स तक पहुँच गई। यह बिक्री पिछले साल की तुलना में लगभग 40 प्रतिशत अधिक है। इस जबरदस्त बढ़ोतरी में सबसे बड़ा योगदान निर्यात बाजार का रहा, जिसने 83 प्रतिशत की अविश्वसनीय वृद्धि दर्ज की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अप्रैल 2026 में कंपनी ने कुल 4,39,953 टू-व्हीलर बेचे, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 3,17,937 यूनिट्स था। घरेलू बाजार में भी कंपनी की बिक्री स्थिर रूप से बढ़ी और टू-व्हीलर बिक्री 11 प्रतिशत बढ़कर 2,10,063 यूनिट्स हो गई। हालांकि, सबसे अधिक चर्चा कंपनी के निर्यात कारोबार को लेकर हो रही है। बजाज ऑटो ने अप्रैल में 2,65,582 यूनिट्स का एक्सपोर्ट किया, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 1,45,195 यूनिट्स था, जो टू-व्हीलर निर्यात में 78 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाता है। अफ्रीका, लैटिन अमेरिका और दक्षिण-पूर्व एशिया जैसे बाजारों में कंपनी की मजबूत पकड़ स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में भी कंपनी ने 54 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जिसमें बिक्री 47,873 यूनिट्स से बढ़कर 73,839 यूनिट्स हो गई। कंपनी के आरई और मैक्सिमा प्लेटफॉर्म को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अच्छी मांग मिल रही है, वहीं बजाज पल्सर और इलेक्ट्रिक स्कूटर बजाज चेतक भी लगातार लोकप्रिय बने हुए हैं। सुदामा/ईएमएस 07 मई 2026