मनोरंजन
07-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वरिष्ठ अभिनेत्री जीनत अमान ने एक दिलचस्प और भावुक करने वाला किस्सा साझा किया। पुरानी यादें ताजा करते हुए अभिनेत्री ने बताया कि कैसे पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के सामने एक कार्यक्रम में उनकी कीमती घडी चोरी हो गई। अभिनेत्री ने बताया कि यह घटना नई दिल्ली में आयोजित एक चैरिटी क्रिकेट मैच के दौरान घटित हुई थी। कार्यक्रम में अभिनेत्री सिमी ग्रेवाल समेत कई फिल्मी हस्तियां वहां शामिल हुई थीं। जीनत अमान ने अपने पोस्ट में बताया कि उनकी एक बेहद अमीर दोस्त, जिसे उन्होंने “अमीना” नाम से संबोधित किया, ने उन्हें महंगी रोलेक्स घड़ी तोहफे में दी थी। अभिनेत्री के अनुसार वह घड़ी उनकी सबसे पसंदीदा और कीमती चीजों में शामिल थी और शायद ही कोई दिन ऐसा होता था जब वह उसे न पहनती हों। उन्होंने बताया कि उनकी दोस्त के पास दुनिया के कई शहरों में आलीशान घर थे और वहां बेहद महंगी कलाकृतियां और फर्नीचर रखा रहता था। अभिनेत्री ने आगे लिखा कि कुछ साल बाद नई दिल्ली में प्रधानमंत्री राहत कोष के लिए सांसदों और फिल्म कलाकारों के बीच एक चैरिटी क्रिकेट मैच आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में बॉलीवुड के कई कलाकार शामिल हुए थे। जीनत अमान ने बताया कि उन्होंने भी मैच खेलने का फैसला किया था। खिलाड़ियों को सलाह दी गई थी कि वे अपने गहने और कीमती सामान उतारकर सुरक्षित जगह पर रख दें। उस दौरान फिल्म निर्देशक मुज़फ़्फ़र अली ने कलाकारों के बैग संभालने की जिम्मेदारी ली थी। जीनत अमान ने अपनी रोलेक्स घड़ी बैग में रखकर अन्य बैग्स के साथ छोड़ दी और मैच खेलने चली गईं। लेकिन जब वह वापस लौटीं तो उनका बैग गायब था। अभिनेत्री ने बताया कि उनका बैग और उसमें रखा सारा सामान चोरी हो गया, जो फिर कभी नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इस घटना से वह बेहद दुखी हुई थीं और लंबे समय तक उन्होंने महंगी घड़ियां पहनना छोड़ दिया था। अभिनेत्री ने बताया कि हाल ही में उनके बेटों ने उन्हें एक खूबसूरत कार्टियर घड़ी उपहार में दी, जिसके बाद उन्होंने फिर से घड़ी पहनना शुरू किया। अपने पोस्ट के अंत में जीनत अमान ने प्रशंसकों से पूछा कि क्या कभी उनकी भी कोई कीमती चीज चोरी हुई है। सुदामा/ईएमएस 07 मई 2026