मनोरंजन
07-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। अपने प्रशंसकों के लिए गायक और संगीतकार हिमेश रेशमिया एक नया म्यूजिक वीडियो लेकर आ रहे हैं। यह एक हाई-एनर्जी ट्रैक बताया जा रहा है, जिसका पहला पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। उनका नया गाना शराब जल्द रिलीज होने वाला है। इस गाने में पहली बार हिमेश रेशमिया और अभिनेत्री मानुषी छिल्लर एक साथ नजर आएंगे। दोनों की नई जोड़ी को लेकर प्रशंसकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। हिमेश रेशमिया ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर गाने का फर्स्ट लुक साझा किया। पोस्टर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “जय माता दी। चलो धमाल मचाते हैं। एक बार सुनना काफी नहीं होगा। शराब के लिए बने रहें। टीजर मंगलवार को सिर्फ यूट्यूब चैनल पर आएगा।” पोस्टर में गाने की भव्यता और स्टाइलिश अंदाज साफ दिखाई दे रहा है, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि म्यूजिक वीडियो बड़े स्तर पर तैयार किया गया है। इस गाने का निर्देशन और कोरियोग्राफी मशहूर जोड़ी पीयूष और शाजिया ने की है। दोनों अपने अलग और आकर्षक डांस स्टाइल के लिए जाने जाते हैं। गाने को आवाज खुद हिमेश रेशमिया ने दी है, जबकि इस बार संगीत की जिम्मेदारी रजत नागपाल ने संभाली है। इसके बोल राणा सोतल ने लिखे हैं। माना जा रहा है कि यह गीत युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और पार्टी ट्रैक के रूप में लोकप्रिय हो सकता है। पोस्टर रिलीज होते ही फैंस सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग हिमेश के पुराने सुपरहिट गानों को याद करते हुए इस नए ट्रैक को लेकर उत्साहित नजर आए। हाई-एनर्जी म्यूजिक और ग्लैमरस प्रस्तुति के लिए पहचाने जाने वाले हिमेश रेशमिया की वापसी को संगीत प्रेमी खास मान रहे हैं। हिमेश रेशमिया के नॉन-फिल्मी एल्बम भारतीय संगीत जगत में अपनी अलग पहचान रखते हैं। उनका मशहूर एल्बम आप का सुरूर दुनिया के सबसे ज्यादा बिकने वाले नॉन-फिल्मी एल्बमों में गिना जाता है। सुदामा/ईएमएस 07 मई 2026