- फरियादी ने छीनी हमलावर की पिस्टल! गुना (ईएमएस)। शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके जिला कोर्ट परिसर के बाहर बुधवार दोपहर फिल्मी अंदाज में गैंगवार और अपहरण की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। हमलावरों ने हत्या की नियत से पिस्टल से फायर करने की कोशिश की, लेकिन पिस्टल के मिसफायर होते ही फरियादी ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आरोपी के हाथ से पिस्टल छीन ली। इसके बाद आरोपी, फरियादी के दो दोस्तों को हथियार की नोक पर मोटरसाइकिल पर बैठाकर जबरन अगवा कर ले गए। पुलिस ने मामले में अपहरण और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। - विवाद की शुरुआत और जानलेवा हमला घटना बुधवार दोपहर करीब 2:20 बजे की है। फरियादी धनराज सिंह उर्फ आशु जाट अपने साथी दीपक ओझा के साथ कोर्ट में नकल निकलवाने गया था। कोर्ट गेट के बाहर जब वह अपने अन्य दोस्तों, हेमंत राजपूत और नितिन यादव से बात कर रहा था, तभी अक्षय शुक्ला नाम के युवक ने अपनी बाइक धनराज की बाइक से अड़ा दी। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के कुछ ही देर बाद अक्षय शुक्ला, अपने साथी विशाल अन्नोटिया, नकुल अन्नोटिया और दो अन्य अज्ञात हमलावरों के साथ हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचा। आरोपियों ने एक राय होकर गाली-गलौज शुरू कर दी और अक्षय ने चिल्लाकर कहा, आज इसे जान से खत्म कर देते हैं। - पिस्टल मिसफायर होते ही छिनी मौत वारदात के दौरान विशाल अन्नोटिया ने जान से मारने की नियत से धनराज पर पिस्टल तान दी और ट्रिगर दबा दिया। खुशकिस्मती रही कि पिस्टल मिसफायर हो गई। मौत को सामने देख धनराज डरा नहीं, बल्कि उसने झपटकर हमलावर विशाल के हाथ से पिस्टल छीन ली। इसी बीच नकुल अन्नोटिया ने भी अपनी पिस्टल निकाल ली और अक्षय शुक्ला तलवार लहराने लगा। - पुलिस की मदद को भागा फरियादी, दोस्तों का हुआ अपहरण हमलावरों से अपनी जान बचाने और मदद की उम्मीद में धनराज हाथ में छिनी हुई पिस्टल लेकर नगर पालिका की ओर भागा। उसने सोचा कि पुलिस को देखकर हमलावर भाग जाएंगे। लेकिन जब उसने पीछे मुड़कर देखा, तो आरोपी अक्षय, नकुल और उनके साथी हथियारों के दम पर दीपक ओझा और हेमंत राजपूत को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपहरण कर ले गए। जानकारी के अनुसार पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया है| - पुलिस ने दर्ज किया केस, तलाश जारी उपनिरीक्षक ज्योति राजपूत ने इस मामले में देहाती नालसी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 191(2), 115(2), 296(बी), 140(3) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरियादी ने हमलावर से छीनी गई पिस्टल को पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। शहर के बीचों-बीच हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया है और पुलिस अब अपहृत युवकों की तलाश और आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है। - सीताराम नाटानी