सूरजपुर (ईएमएस)। जिला न्यायालय परिसर में दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, एक वकील के मुंशी ने अपनी नीले रंग की पल्सर NS 160 बाइक कोर्ट परिसर की पार्किंग में खड़ी की थी। इसी दौरान अज्ञात युवक मौके का फायदा उठाकर बाइक चोरी कर ले गया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बाइक को बिना स्टार्ट किए पैरों से धकेलते हुए पार्किंग से बाहर ले जाता दिखाई दे रहा है। बाद में वह सड़क तक बाइक को इसी तरह ले गया। खास बात यह है कि यह घटना कोतवाली थाना से महज करीब 30 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। - (ईएमएस) 07 मई 2026