नई दिल्ली (ईएमएस)। हीट एक्शन प्लान के तहत अब राजधानी के हर जिले में एक हीटवेव रिस्पांस वैन भी तैनात होगी। ये वैन रोज सुबह 11 से शाम छह बजे तक उन स्थानों पर संचालित होंगी, जहां अधिक भीड़ और गर्मी का प्रभाव अधिक रहता है, जैसे श्रमिक चौक, बस अड्डे, बाजार, झुग्गी क्षेत्र और अन्य संवेदनशील इलाके। इनमें नागरिकों को ठंडा और स्वच्छ पेयजल, ओआरएस के पैकेट, प्राथमिक उपचार की सुविधा, टोपी और सूती गमछे उपलब्ध कराए जाएंगे। हर वैन में 400 से 500 लीटर क्षमता का ठंडे पानी का टैंक, फर्स्ट एड किट, ओआरएस वितरण व्यवस्था और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध रहेगी। हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करके भी इन वैन की सहायता प्राप्त की जा सकती है। गर्मी से जंग, दिल्ली सरकार के संग... के बीच सीएम रेखा गुप्ता ने इन सभी वैनों को बुधवार दोपहर सचिवालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही लू के असर को कम करने के लिए तैयार किए गए हीट एक्शन प्लान 2026 की बुकलेट भी जारी की। इसके अतिरिक्त, हर जिले में 10-10 सिविल डिफेंस वालेंटियरों की तैनाती की गई है, जो अगले तीन महीनों तक इन वैनों के संचालन में सहयोग करेंगे। प्रत्येक जिले में प्रतिदिन लगभग 1000 ओआरएस पैकेट, 300 सूती गमछे और 200 टोपियों का वितरण किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ईको-फ्रेंडली डिस्पोजेबल ग्लास और कचरा संग्रह की भी उचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/07/मई /2026