07-May-2026
...


- प्लास्टिक मुक्त गांव की ओर बड़ा कदम - “पन्नी पर वार: महिला सरपंच आकांक्षा सोनी का स्वच्छता अभियान बना मिसाल” महाराजपुर (ईएमएस)। ग्राम पंचायत महाराजपुर अब स्वच्छता और जागरूकता के क्षेत्र में एक नई मिसाल पेश कर रही है। गांव में जगह-जगह लगाए गए “प्लास्टिक हाउस” न केवल कचरा प्रबंधन की दिशा में एक ठोस कदम हैं,बल्कि यह ग्रामीणों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी जगा रहे हैं।पढ़ी-लिखी एवं ग्रेजुएट महिला सरपंच आकांक्षा संतोष सोनी के नेतृत्व में पंचायत ने प्लास्टिक कचरे के निस्तारण के लिए यह अनूठी पहल शुरू की है। इन विशेष प्लास्टिक हाउस में लोगों से अपील की जा रही है कि वे अपने घरों की पन्नी,प्लास्टिक और अन्य कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थान पर डालें,जिससे गांव में फैल रही गंदगी पर रोक लगाई जा सके।गांव के प्रमुख स्थानों पर लगाए गए इन प्लास्टिक हाउस पर स्पष्ट संदेश लिखा गया है— “एक कदम स्वच्छता की ओर” और साथ ही अलग-अलग कचरे जैसे प्लास्टिक,पेपर और लोहे को अलग रखने का भी संदेश दिया गया है,जो आधुनिक कचरा प्रबंधन की सोच को दर्शाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले सड़क किनारे पन्नी और कचरा फैला रहता था,जिससे गंदगी और बीमारियों का खतरा बना रहता था। लेकिन अब इस व्यवस्था से न सिर्फ सफाई बेहतर होगी,बल्कि लोगों में जागरूकता भी बढ़ेगी। सरपंच आकांक्षा/संतोष सोनी ने अपील करते हुए कहा कि—“गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि हर नागरिक थोड़ी-सी समझदारी दिखाए और कचरा सही स्थान पर डाले,तो हमारा महाराजपुर आदर्श ग्राम बन सकता है।”इस पहल को देखकर साफ कहा जा सकता है कि महाराजपुर पंचायत अब बदलाव की राह पर तेजी से आगे बढ़ रही है।स्वच्छता,जागरूकता और जनभागीदारी का यह संगम आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन सकता है। निखिल सोधिया/ईएमएस/07/05/2026