07-May-2026
...


- निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नागरिकों से की सहयोग की अपील, कहा– सही एवं सटीक जानकारी दें कटनी (ईएमएस)। जनगणना-2027 के अंतर्गत नगर निगम कटनी क्षेत्र में 01 मई से मकान सूचीकरण कार्य प्रारंभ हो चुका है। यह कार्य 30 मई तक चलेगा। इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा रही है, जिसके तहत प्रगणक घर-घर पहुंचकर मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से जानकारी दर्ज कर रहे हैं। इससे डेटा संग्रहण अधिक सटीक, पारदर्शी एवं त्वरित रूप से किया जा सकेगा। नगर निगम आयुक्त एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी सुश्री तपस्या परिहार ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा है कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसका उपयोग शासन द्वारा विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्माण में किया जाता है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि जब प्रगणक उनके घर पहुंचे, तब वे उन्हें सही एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें। उन्होंने बताया कि सभी प्रगणकों को अधिकृत पहचान पत्र जारी किए गए हैं। नागरिक अपनी संतुष्टि के लिए प्रगणकों का पहचान पत्र देखकर ही जानकारी साझा करें। कुल 423 गणना ब्लॉक नगर जनगणना अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि नगर निगम कटनी क्षेत्र में जनगणना कार्य के सुव्यवस्थित संचालन के लिए कुल 423 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। प्रत्येक ब्लॉक में एक-एक प्रगणक नियुक्त किया गया है, जबकि उनके कार्य की निगरानी हेतु 70 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। प्रगणकों द्वारा 01 मई से घर-घर जाकर मकान सूचीकरण कार्य किया जा रहा है, जिसे निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाएगा। मकान सूचीकरण में पूछे जाएंगे 33 सामान्य प्रश्न जनगणना-2027 के मकान सूचीकरण कार्य के दौरान प्रगणकों द्वारा परिवार एवं आवास से संबंधित सामान्य जानकारी एकत्र की जाएगी। इसमें मकान का प्रकार, परिवार के सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, नल एवं बिजली कनेक्शन, शौचालय एवं बाथरूम की उपलब्धता, गैस कनेक्शन, टीवी, रेडियो, केबल कनेक्शन, साइकिल, मोटरसाइकिल, कार, उपयोग में आने वाला मुख्य खाद्यान्न तथा मोबाइल नंबर जैसी जानकारियां शामिल रहेंगी। इस दौरान कुल 33 बिंदुओं पर जानकारी ली जाएगी। आधार, पैन, बैंक जानकारी एवं ओटीपी नहीं मांगा जाएगा नगर जनगणना अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक ने स्पष्ट किया है कि मकान सूचीकरण कार्य के दौरान किसी भी नागरिक से आधार कार्ड नंबर, पैन कार्ड नंबर, बैंक खाता संबंधी जानकारी अथवा किसी प्रकार का ओटीपी नहीं मांगा जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक गतिविधियों से सतर्क रहें और जानकारी साझा करने से पहले संबंधित अधिकारी का पहचान पत्र अवश्य जांच लें। ईएमएस / 07 मई 26