क्षेत्रीय
07-May-2026
...


- यातयात नियमो को बनाया जाएगा प्रभावी मधुबनी, (ईएमएस)। बिहार में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी निगरानी के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। परिवहन विभाग द्वारा मधुबनी जिला मुख्यालय के कई प्रमुख सड़कों पर हाईटेक सीसीटीवी एवं ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसकी जानकारी परिवहन पदाधिकारी रामबाबू ने दी। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय के संवेदनशील एवं अधिक यातायात वाले स्थानों का चयन किया गया है। परिवहन विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट के वाहन संचालन सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर निगरानी रखने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। इन सीसीटीवी कैमरों को ई-इनफोर्समेंट प्रणाली से जोड़ा जाएगा. जिससे नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर स्वतः कार्रवाई की जा सकेगी। इसके लिए तत्काल चार प्रमुख जगहों का चयन किया गया है उनमें बाटा चौक, शंकर चौक,स्टेशन चौक एवं कोतवाली चौक को चयन किया गया है जहां सीसीटीवी व एएनपीआर कैमरे लगाए जायेंगें। विभाग ने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया है कि चयनित स्थानों का भौतिक सत्यापन कर शीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। साथ ही कैमरों की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थान, बिजली आपूर्ति, नेटवर्क कनेक्टिविटी एवं तकनीकी मानकों का भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि इस व्यवस्था के लागू होने से सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के साथ-साथ यातायात व्यवस्था में भी सुधार आएगा। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर ई-चालान की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जाएगा। - ०७ मई/२०२६/ईएमएस