मण्डला (ईएमएस)। जनसुनवाई में दिया वादा निभाते हुए कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे बुधवार को नारायणगंज जनपद के दूरस्थ ग्राम किकरिया के इंदल टोला पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय मंदिर परिसर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से आत्मीय चर्चा की और गांव की मूलभूत समस्याएं जानीं। बताया गया कि पिछली जनसुनवाई में किकरिया के ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे थे। तब कलेक्टर ने उन्हें स्वयं गांव आकर समस्याएं सुनने का भरोसा दिलाया था। उसी वादे को पूरा करते हुए श्री धोटे पूरे अमले के साथ इंदल टोला पहुंचे। चौपाल में कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने ग्रामीणों की सहभागिता से गांव की तीन प्रमुख समस्याएं चिन्हित कीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्रता पर्ची, मछुआ कार्ड, फौती नामांतरण जैसी हितग्राहीमूलक समस्याओं का पात्रता अनुसार शीघ्र निराकरण किया जाए। ग्रामीणों ने सबसे बड़ी समस्या कूम्हा की राशन दुकान से राशन लाने में होने वाली दिक्कत बताई। इस पर कलेक्टर श्री धोटे ने भरोसा दिलाया कि अगले माह से गांव में ही वाहन के माध्यम से राशन पहुँचाया जाएगा। विद्युत समस्या पर उन्होंने विद्युत वितरण कंपनी से चर्चा कर समाधान कराने की बात कही। ईएमएस / 07/05/2026