नई दिल्ली (ईएमएस)। कुश्ती में वापसी कर रहीं ओलंपियन विनेश फोगट को करारा झटका लगा है। विनेश को एशियन गेम्स 2026 के चयन ट्रायल में अयोग्य घोषित कर दिया गया है। रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (डब्यलूएफआई) के अनुसार चयन ट्रायल के लिए योग्यता तीन घरेलू प्रतियोगिताओं 2025 सीनियर नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप, 2026 सीनियर फेडरेशन कप और अंडर-20 नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप में पदक विजेता होने पर निर्भर करती है और वह इसमें से किसी में भी शामिल नहीं थीं। सीनियर नेशनल चैंपियनशिप दिसंबर में आयोजित की गई थी, जबकि फेडरेशन कप फरवरी में हुआ था। विनेश ने इनमें से किसी भी प्रतियोगिता में भाग नहीं लिया। पेरिस 2024 ओलंपिक के बाद से ही विनेश ने खेल से संन्यास ले लिया था। इसलिए वह पात्रता मानदंडों को पूरा नहीं करती हैं। विनेश ने हाल ही में उत्तर प्रदेश में 10 से 12 मई तक होने वाले नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट को अपनी वापसी के लिए चुना था पर रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अनुसार, नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट के परिणाम चयन ट्रायल में पात्रता के लिए मान्य नहीं होंगे। ईएमएस 07मई 2026