- जाल सभागृह में आयोजित गोविन्द गाथा में विधानसभा अध्यक्ष तोमर के आतिथ्य में जुटेंगे राजनीति व पत्रकारिता के दिग्गज :: इंदौर (ईएमएस)। संस्था आनंद गोष्ठी के संस्थापक और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता स्व. गोविन्द मालू की द्वितीय पुण्यतिथि पर आज शहर की गौरवमयी परंपरा के अनुरूप वैचारिक समागम होने जा रहा है। गोविन्द गाथा के अंतर्गत आयोजित यह विशेष वैचारिक गोष्ठी शुक्रवार, 8 मई (आज) की शाम 6 बजे जाल सभागृह में आयोजित होगी, जहाँ दलीय सीमाओं से परे राजनीति के विभिन्न रंग एक ही मंच पर नजर आएंगे। इंदौर प्रेस क्लब और संस्था आनंद गोष्ठी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस गरिमामयी समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर होंगे। कार्यक्रम की विशिष्टता इसमें समाहित परिसंवाद है, जिसका विषय राजनीतिक कार्यकर्ता का निर्माण-एक कठिन कार्य रखा गया है। वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में इस विषय की प्रासंगिकता और स्व. मालू के योगदान पर अतिथि वक्ता प्रकाश डालेंगे। आयोजन के संयोजक एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम व संस्था आनंद गोष्ठी के लव मालू ने बताया कि गोष्ठी में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और बंसल न्यूज के समूह संपादक शरद द्विवेदी उपस्थित रहेंगे। आयोजन समिति ने शहर के गणमान्य नागरिकों और प्रबुद्धजनों से इस वैचारिक विमर्श में सहभागी होने का आग्रह किया है। प्रकाश/07 मई 2026