क्षेत्रीय
07-May-2026
...


- एक आरोपी के फोटो पर 300 से अधिक सिम कार्ड कराये गये एक्टिव - पीओएस एजेंट है आरोपी, ग्राहकों के दस्तावेजों की फोटो कॉपी से करते थे फर्जवाड़ा - अलग-अलग नाम-पतो पर जारी कराते थे फर्जी सिम भोपाल(ईएमएस)। देहात क्षेत्र की ईटखेड़ी थाना पुलिस ने ऑपरेशन फेस” के तहत फर्जी सिम एक्टिव करने वाले तीन और आरोपियो को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने बताया की शातिर आरोपियो ने एक ही व्यक्ति के फोटो का उपयोग कर 16 फर्जी सिम जारी करा लिये इस गड़बड़ी के लिये जालसाजो ने फर्जी आईडी के जरिये से अलग-अलग नाम और पते पर सिम कार्ड एक्टिव कराये थे। थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष सप्रे के अनुसार राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा “ऑपरेशन फेस” के तहत प्रदेशभर में एक ही चेहरे पर जारी फर्जी सिमों के खिलाफ कार्यवाही के लिये निर्देश दिए गए है। इसी कड़ी में बीती 24 फरवरी को दूरसंचार विभाग से प्राप्त जानकारी के आधार ऐसे मामलों की पहचान की गई, जिनमें एक ही व्यक्ति के चेहरे पर 16 या उससे अधिक सिम अलग-अलग नाम एवं पते पर जारी किए गए थे। - एक आरोपी के फोटो पर कई सिमें कराई जारी जांच में सामने आया की आरोपी नंदु शर्मा पिता दामोदर शर्मा (27) निवासी ग्राम रासलाखेड़ी थाना ईटखेड़ी द्वारा 13 सिम जारी किए गए और दूसरे आरोपी सोनू साहू पिता रामचरण साहू (31) निवासी, ग्राम आचारपुरा द्वारा 3 सिम जारी किए गए। हैरानी वाली बात यह सामने आई की दोनो आरोपियो ने सभी फर्जी सिमों में तीसरे आरोपी कैफ कुरैशी पिता हैदर कुरैशी (26) निवासी इस्लामपुरा के दस्तावेजों का दुरुपयोग किया था। वही यह जानकारी भी सामने आई की आरोपी कैफ द्वारा थाना गुनगा और बैरसिया थाना क्षेत्र में भी फर्जी सिम जारी करने के लिये अपने फोटो का उपयोग किया गया। उसके फोटो का 300 से अधिक सिम कार्ड में उपयोग किये जानकारी सामने आई है। - इस तरह करते थे वारदात पुलिस के मुताबिक आरोपी पीओएस एजेंट के रूप में काम करते थे। ज्यादा सिम बेचने पर उन्हें इंटेसिव के रुप में पैसा मिलता था। इसी रकम की लालच में आकर आरोपियों द्वारा लगभग 50 फर्जी सिम एक्टिव कराई गई। शातिर आरोपी आने वाले ग्राहकों के दस्तावेजों की फोटो कॉपी अपने पास रख लेते और बाद में उन्हीं दस्तावेज का दुरुपयोग कर अलग-अलग नाम और पते पर फर्जी सिम जारी करते थे। छानबीन के दौरान पता चला की आरोपी कैफ का भाई सैफ वर्तमान में साइबर थाने के एक प्रकरण में जेल में बंद है। उसके द्वारा भी आरोपियों के साथ मिलकर फर्जी सिम जारी किए गए। मामले में पुलिस आरोपी सैफ की भी गिरफ्तारी की कार्यवाही कर रही है। पुलिस ने सभी के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओ में मामला कायम किया है। वहीं फर्जी सिमों के साइबर अपराध में उपयोग की जांच की जा रही है। जुनेद / 7 मई