फिरोजाबाद(ईएमएस) जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने गुरुवार को नागऊ स्थित नीब करौली बाबा की जन्मभूमि पर चल रहे पर्यटन विकास कार्यों और मल्टीपरपज हॉल के निर्माण का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और गति पर असंतोष जताते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। - 90% काम पूरा, जल्द खुलेगा श्रद्धालुओं के लिए* DM ने निर्माणाधीन मल्टीपरपज हॉल के कमरों व अन्य ढांचों का जायजा लिया। उन्होंने यू0पी0 प्रोजेक्ट लिमिटेड के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा किया जाए। परियोजना की कुल लागत 865.98 लाख रुपये है और इसका 90% कार्य पूरा हो चुका है। हॉल का स्ट्रक्चर तैयार है, फिलहाल प्लास्टर और फेंसिंग का काम चल रहा है। - DM बोले: यह आस्था का केंद्र, मानवता का संदेश देगा* जिलाधिकारी ने कहा, _बाबा नीब करौली की यह पावन भूमि केवल धार्मिक दृष्टिकोण से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि हजारों श्रद्धालुओं के लिए आस्था और अटूट विश्वास का केंद्र है। बाबा ने मानवता और सेवा का जो संदेश दिया, यह स्थान उस प्रेरणा को जीवित रखने का माध्यम बनेगा।_ - डिजिटल लाइब्रेरी से लेकर साउंड सिस्टम तक मिलेंगी सुविधाएं* पर्यटन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इनमें डॉरमेट्री, डिजिटल लाइब्रेरी, लैंडस्केप एवं हॉर्टिकल्चर, साइनेज, कल्चरल म्यूरल वॉल, साउंड सिस्टम, एसी सिस्टम और डीजी सेट शामिल हैं। - स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती* DM ने बताया कि समय सीमा से पहले अधिकतम सुविधाओं को चालू करने का प्रयास है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिले और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत हो। - ये रहे मौजूद* निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी विशु राजा, उप जिलाधिकारी अंकित वर्मा, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी मौजूद रहे। ए. शर्मा,ईएमएस फिरोजाबाद