पुणे, (ईएमएस)। पुणे में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक पुलिस हवलदार को 1.5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान आरोपी हवलदार ने भागने की कोशिश की और शिकायतकर्ता की छाती पर काट लिया। इतना ही नहीं, उसने एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम के साथ धक्का-मुक्की भी की। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी हवलदार का नाम गणेश शहाजी कसपाटे है। शिकायतकर्ता जिस कंपनी में काम करता है, उसके मालिक के खिलाफ हैदराबाद की अदालत में चेक बाउंस का मामला चल रहा है। इसी मामले में अदालत ने कंपनी मालिक के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। आरोप है कि हवलदार गणेश कसपाटे ने वारंट की कार्रवाई टालने और गिरफ्तारी से बचाने में मदद करने के बदले पहले 2.5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में सौदेबाजी के बाद वह 1.5 लाख रुपये लेने को तैयार हो गया। इसकी शिकायत एसीबी से की गई। जांच के बाद एसीबी टीम ने कल दोपहर बोट क्लब रोड स्थित एक सोसायटी के बाहर जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान उसने भागने का प्रयास किया और शिकायतकर्ता की छाती पर काट लिया। आरोपी ने एसीबी अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की भी की, जिससे मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, एसीबी टीम ने आखिरकार आरोपी को काबू में कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। जतिन/संतोष झा- ०७ मई/२०२६/ईएमएस