- लाइन में लगकर खुद खरीदा टिकट, यात्रियों से किया संवाद; सादगीपूर्ण जीवनशैली की फिर दिखी मिसाल अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत की सादगीपूर्ण जीवनशैली की एक और झलक आज लोगों को देखने को मिली। राज्यपाल ने गांधी आश्रम पुनरुद्धार योजना की समीक्षा के लिए सचिवालय मेट्रो स्टेशन से रानीप मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो में यात्रा की। राज्यपाल सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर आम यात्रियों की तरह लाइन में खड़े होकर स्वयं टिकट खरीदकर प्लेटफॉर्म तक पहुंचे। इसके बाद उन्होंने अन्य यात्रियों के साथ मेट्रो में सफर किया। जैसे ही यात्रियों को पता चला कि राज्यपाल उनके साथ यात्रा कर रहे हैं, लोगों में उत्सुकता का माहौल बन गया। यात्रा के दौरान राज्यपाल ने सहयात्रियों के साथ सहज संवाद किया और मेट्रो यात्रा को लेकर उनके अनुभव भी जाने। कई यात्रियों ने राज्यपाल के साथ तस्वीरें खिंचवाकर अपनी यात्रा को यादगार बना लिया। गौरतलब है कि राज्यपाल आचार्य देवव्रत कई बार एसटी बस और ट्रेन जैसी सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का उपयोग कर अपनी सादगी का परिचय दे चुके हैं। आज मेट्रो में आम नागरिक की तरह सफर कर उन्होंने एक बार फिर खुद को जनता का सच्चा राज्यपाल साबित किया। सतीश/07 मई