खरगोन (ईएमएस)। जिले के सिरवेल क्षेत्र में बीती रात बारातियों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 2 बालिकाओं की मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। इनमें महिला-पुरुष समेत 18 लोग शामिल है। पिकअप में सवार सभी लोग बारात में शामिल होकर लौट रहे थे। हादसे में मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। गुुरुवार को पीएम पश्चात मृतकों का शव उनके परिजन को सौंपा गया। जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने परिवहन व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई नहीं होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बेखौफ होकर लोडिंग वाहनों में सवारियां ढोही जा रही है। मिली जानकारी अनुसार ग्राम पिपल्याबावड़ी और राजोड़ा से ग्रामीण पिकअप में सवार होकर महाराष्ट्र बारात लेकर गए थे। देररात लौटते समय वाहन बिस्टान थानाक्षेत्र के ग्राम पांच बैड़ी और गलतार के बीच अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन पलटते ही चीख- पुकार मच गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण एकत्रित हुए। घायलों की मदद की। 112 पर सूचना दी गई। मौके पर चार एबुलेंस पहुंची, जिनसे घायलों को अस्पताल लाया गया। अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी अनुसार और डॉ. रेहान खान ने बताया कि घायलों में 5 की हालत गंभीर है, जिनका आईसीयू में उपचार किया जा रहा है। जबकि अन्य घायलों का ट्रामा सेंटर में उपचार जारी है। ईएमएस/मोहने/ 07 मई 2026