राज्य
07-May-2026


- मान्यता निरस्त करने, एफआईआर दर्ज करने, दोषी अधिकारियों पर कार्यवाही के निर्देश - एनएसयूआई की शिकायत पर अवर सचिव ने स्वास्थ्य आयुक्त को दिए कार्यवाही करने के निर्देश भोपाल(ईएमएस)। राजधानी में खुलने वाले फर्जी अस्पताल के खिलाफ लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की अवर सचिव ने कड़े कदम उठाये है। एनयूएसआई का आरोप है कि ऐसे अस्पताल मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ भी कर रहे हैं, लेकिन विभाग और जिला प्रशासन कार्यवाही करने की बजाए संरक्षण देने का काम कर रहा हैं। संगठन के पदाधिकारियो ने प्रेस-विज्ञप्ति जारी कर बताया की अब लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की अवर सचिव ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त को कार्यवाही करने के कड़े निर्देश दिए हैं। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की अवर सचिव द्वारा जारी पत्र में स्वास्थ्य आयुक्त को निर्देशित किया गया है, कि मल्टीकेयर हॉस्पिटल भोपाल की मान्यता निरस्त करने, अस्पताल संचालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने तथा संबंधित अधिकारियों पर विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। कार्यवाही के निर्देश एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार की शिकायत पर मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने भोपाल स्थित मल्टीकेयर हॉस्पिटल के विरुद्ध गंभीर अनियमितताओं के मामले में संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश जारी किए हैं। एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार द्वारा की गई शिकायत में आरोप लगाया गया था, कि सीएमएचओ कार्यालय के जिला क्षय अधिकारी डॉ मनोज वर्मा और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ भारती चौकसे की मिलीभगत से फर्जी निरीक्षण रिपोर्ट तैयार कर अस्पताल को संचालन की अनुमति दी गई। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि अस्पताल में फर्जी डॉक्टरों एवं स्टाफ को कागजों में दर्शाकर अस्पताल का संचालन किया जा रहा है, जबकि वास्तविक व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप नहीं हैं। शिकायत के अनुसार अस्पताल प्रबंधन मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहा है तथा शासन की आयुष्मान योजना में भी बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार किए जाने की आशंका व्यक्त की गई है। एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि अस्पताल द्वारा नियमों की अनदेखी कर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर संचालन किया जा रहा था, जिससे आम जनता के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। जुनेद / 7 मई