राज्य
07-May-2026


भोपाल(ईएमएस)। शहर के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में सायबर जालसाज ने विवाहिता को जाल में फंसाकर उससे एक लाख 47 हजार की रकम ऐंठ ली। ठग ने खुद को एनआरआई बताकर पहले व्हाट्स एप के जरिए पीड़िता से दोस्ती की। बाद में उसके खिलाफ यूके से गोल्ड और डायमंड ज्वैलरी के अलावा गिफ्ट में डॉलर भेजने का झांसा दिया और फिर उस पार्सल को छुड़ाने के एवज में चपत लगा दी। बाद में ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने सारी बात पति को बताई। महिला ने इसकी शिकायत सायबर की राष्ट्रीय हेल्पलाइन से संपर्क किया था। अब मामले की जांच थाना पुलिस कर रही है। पुलिस के अनुसार अशोका गार्डन के बी-सेक्टर में रहने वाली 27 वर्षीय विवाहिता ने अपनी शिकायत में बताया की 4 अप्रैल को अज्ञात आरोपी ने संपर्क कर अपना नाम विपिन गुप्ता बताते हुए खुद को एनआरआई बताया था। पहले आरोपी व्हाट्स एप पर चैटिंग करता रहा बाद में वह वीडियो कॉल एप पर चैटिंग करता रहा। और फिर उनके बीच वीडियो कॉल पर भी बातचीत होने लगी। पीड़िता के साथ उसने तीन दिन बातचीत की थी। इसके बाद आरोपी ने उसे अपना बेस्ट फ्रेंड बताते हुए झांसा दिया की वह उसके लिये यूके से कुछ गिफ्ट भेज रहा है। पीड़िता ने इसके लिये उसे मना किया लेकिन आरोपी जर्बदस्ती भेजने की बात कहने लगा। अगले दिन महिला को दूसरे नंबर से कॉल आया दूसरी और से बातचीत करने वाले जालसाज ने कहा की उसके नाम पर एक गिफ्ट आया है। उसके भीतर गोल्ड और डायमंड की ज्वैलरी है। जिसके लिए उसे टैक्स देना होगा। इसके बाद डॉलर को भारतीय रुपए में बदलने के नाम पर 11 अप्रैल तक उससे अलग-अलग किस्तो में एक लाख 47 हजार रुपए ऐंठ लिए। पीड़िता ने यह रकम बैंक आफ बडौदा और एक्सिस बैंक के खातों से ट्रांसफर की थी। इसके बाद जालसाज ने डॉलर और विदेश से जेवरातों की डिलीवरी न लेने पर क्राइम ब्रांच की छापामारी और गिरफ्तारी का डर दिखाकर और रकम ऐठनें के लिये डराया। इतना ही नहीं खुद का नाम विपिन गुप्ता बताने वाले आरोपी ने यह धमकी देकर ब्लैकमेल भी किया की वह उसके अश्लील वीडियो और फोटो वायरल कर उसे बदनाम कर देगा। आखिरकार परेशान आकर पीड़िता ने परिवार वालो की मदद से सायबर क्राइम में शिकायत की। बीते दिन थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की जॉच शुरु कर दी है। जुनेद / 7 मई