- निगम और एलएनसीटी का संयुक्त स्वास्थ्य जांच अभियान शुरू - पहले दिन 200 कर्मचारियों का हुआ परीक्षण; अपर आयुक्त ने भी कराई जांच, बोले- स्वच्छता के सिपाहियों का स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता :: इंदौर (ईएमएस)। शहर को स्वच्छता में सिरमौर बनाए रखने वाले सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए इंदौर नगर निगम ने एक बड़ी मानवीय पहल की है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर एलएनसीटी मेडिकल कॉलेज एवं सेवाकुंज हॉस्पिटल के सहयोग से सफाई मित्रों और उनके परिजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण अभियान का आगाज़ किया गया। गुरुवार को इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ कनाड़िया रोड स्थित सेवाकुंज हॉस्पिटल परिसर में हुआ। अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर के पहले ही दिन लगभग 200 कर्मचारियों का सघन स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान बीपी, शुगर, लिवर और किडनी की जांच सहित कई महत्वपूर्ण टेस्ट किए गए। शिविर में महिला सफाई कर्मियों के लिए विशेष जांच और उपचार की पृथक व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य एवं स्वच्छता प्रभारी अश्विनी शुक्ला, उपायुक्त शैलेष अवस्थी और एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के चेयरमेन जयनारायण चौकसे सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। :: अपर आयुक्त ने खुद कराई जांच, दिया जागरूकता का संदेश :: अभियान की गंभीरता को देखते हुए अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने स्वयं भी चिकित्सकीय परामर्श के बाद अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। उन्होंने सफाई मित्रों से संवाद करते हुए कहा कि वे शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनका सुरक्षित रहना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कर्मचारियों को नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य जांच कराने और सेहत के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सफाई मित्रों और उनके परिवारों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने इसे श्रमिक कल्याण की दिशा में एक सार्थक कदम बताया। वहीं, अपनी और परिवार की सेहत की मुफ्त जांच की सुविधा पाकर सफाई मित्रों ने भी निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। विभाग का कहना है कि यह अभियान आने वाले दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। प्रकाश/07 मई 2026