क्षेत्रीय
07-May-2026
...


- सोवत में लगी रात्रि चौपाल कलेक्टर ने निरीक्षण कर देखीं पीएम आवास, आंगनबाड़ी और राशन दुकान की व्यवस्थाएं अशोकनगर (ईएमएस) । जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत सोवत में कलेक्टर साकेत मालवीय ने बुधवार को रात्रि चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बिजली, पानी, सडक़ सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की भी जानकारी ली। रात्रि चौपाल के बाद गुरुवार सुबह कलेक्टर ने ग्राम सोवत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में संधारित पंजियों का अवलोकन किया, बच्चों की उपस्थिति जांची और व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसी क्रम में, कलेक्टर ने शासकीय उचित मूल्य की दुकान का भी निरीक्षण किया, खाद्यान्न की गुणवत्ता परखी और राशन वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को पात्र उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर मालवीय ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत गांव में तालाब गहरीकरण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ गैती और फावड़ा चलाकर श्रमदान भी किया। अधिकारियों ने बताया कि तालाब गहरीकरण से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों को जल संकट से राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य का भी स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने प्रगणकों से जनगणना कार्य की जानकारी ली और मौके पर नागरिकों की जानकारी दर्ज कराने की प्रक्रिया देखी। ग्राम निवासी काशीबाई ने भी सहजता के साथ प्रगणक को मकान जनगणना से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई। वहीं, उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लाभान्वित हितग्राही सीताराम लखन अहिरवार के निर्माणाधीन आवास का निरीक्षण कर हितग्राही को आवास का प्लास्टर कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। ईएमएस / /07,मई,2026