:: नगर निगम ने द हब मॉल में किया संवाद; प्लास्टिक मुक्त प्रतिष्ठानों पर लगाए विशेष स्टिकर, दिलाई शपथ :: इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता में नित नए कीर्तिमान रचने वाला इंदौर अब सिंगल यूज़ प्लास्टिक (SUP) के समूल नाश की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। शहर को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने के ध्येय से नगर निगम द्वारा सघन जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में वार्ड-32 स्थित द हब मॉल में विशेष सिंगल यूज़ प्लास्टिक फ्री मार्केट अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ व्यापारियों और नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का पाठ पढ़ाया गया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में निगम अधिकारियों ने व्यापारियों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान उन दुकानों और प्रतिष्ठानों को विशेष SUP फ्री स्टिकर लगाकर सम्मानित किया गया, जो स्वेच्छा से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का त्याग कर चुके हैं। अधिकारियों ने प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को रेखांकित करते हुए दुकानदारों को रियूजेबल प्लेट्स, कप और बायोडिग्रेडेबल सामग्री अपनाने के लिए प्रेरित किया। निगम अमले ने स्पष्ट किया कि व्यावसायिक क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण अनिवार्य है। दुकानदारों को अलग-अलग डस्टबिन रखने के निर्देश दिए गए ताकि कचरा संग्रहण में सुगमता बनी रहे। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों और व्यापारियों से सिटीजन फीडबैक भी लिया गया। अभियान के अंत में मॉल प्रबंधन, व्यापारियों और ग्राहकों को शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त रखने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। निगम का यह अभियान शहर के अन्य मॉल्स और प्रमुख बाजारों में भी चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा ताकि इंदौर को प्लास्टिक मुक्त शहर की वैश्विक पहचान दिलाई जा सके। प्रकाश/07 मई 2026