राज्य
07-May-2026
...


:: ऊषा नगर के फ्लैट में क्राइम ब्रांच की दबिश; डायमंड सर्वर से चल रहा था सट्टे का काला खेल, 7 आरोपी गिरफ्तार :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में अवैधानिक गतिविधियों और आर्थिक अपराधों के विरुद्ध जारी अभियान में इंदौर क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ऊषा नगर क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में छापेमारी कर अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह ‘डायमंड सर्वर’ के माध्यम से क्रिकेट और कैसीनो का अवैध कारोबार संचालित कर रहा था। इस नेटवर्क के तार दिल्ली और दुबई जैसे अंतरराष्ट्रीय केंद्रों से जुड़े पाए गए हैं। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशों पर क्राइम ब्रांच की टीम ने बुधवार की दरमियानी रात करीब 12:40 बजे ऊषा नगर मेन स्थित साँई नयन अपार्टमेंट के एक फ्लैट पर दबिश दी। यहाँ का नजारा देखकर पुलिस भी दंग रह गई; गिरोह के सदस्य लैपटॉप और दर्जनों मोबाइल फोन के जरिए विभिन्न वेबसाइट्स पर ग्राहकों से सट्टा लगवा रहे थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दिल्ली स्थित मुख्य सरगना से आईडी प्राप्त कर ग्राहकों को ऑनलाइन पासवर्ड बेचते थे। :: करोड़ों के लेनदेन और डिजिटल ‘पॉइंट्स’ का खेल :: आरोपी सट्टे की रकम अलग-अलग अज्ञात बैंक खातों में जमा कराते थे और उसके बदले ग्राहकों को डिजिटल ‘पॉइंट्स’ मुहैया कराते थे। मौके से बरामद बैंक पासबुक और रजिस्टरों से करोड़ों रुपये के अवैध व्यापार की पुष्टि हुई है। पुलिस अब इन वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है ताकि नेटवर्क की जड़ तक पहुँचा जा सके। :: शिवपुरी और गुना के हैं आरोपी :: गिरफ्तार आरोपियों में शशांक अग्रवाल, मुकेश गुप्ता, निखिल कौशल, शुभम कौशल, अर्पित तिवारी, प्रियांश जैन (सभी निवासी शिवपुरी) और जतिन शर्मा (गुना) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 39 एंड्रॉइड मोबाइल, 3 लैपटॉप, 1.40 लाख रुपये नगद और भारी मात्रा में चेकबुक व डेबिट कार्ड जब्त किए हैं। कुल बरामद संपत्ति का मूल्य करीब 7.70 लाख रुपये बताया जा रहा है। :: कड़ी धाराओं में केस दर्ज :: आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112(1), पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट और आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। क्राइम ब्रांच को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ में अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट के कई और बड़े नामों का खुलासा होगा। इस प्रभावी कार्रवाई में थाना प्रभारी क्राइम ब्रांच और उनकी टीम की विशेष भूमिका रही। प्रकाश/07 मई 2026