- बैठक करते संस्था के सदस्य हाथरस (ईएमएस)। छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने और उनके बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से 31 मई को मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया, शाखा हाथरस और डॉ. भीमराव अंबेडकर एजुकेशनल सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा। समारोह रविवार सुबह 10 बजे से मंगलधाम कॉलोनी, नगला टीका स्थित महिला यूनिट परिसर में होगा।कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रूदायन रोड स्थित अंबेडकर सम्यक पुस्तकालय एवं वाचनालय में बैठक आयोजित की गई। सोसाइटी के प्रबंधक राजेश बौद्ध और अध्यक्ष युवराज सिंह ने बताया कि इस वर्ष यूपी बोर्ड और सीबीएसई परीक्षा में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह सम्मान सभी जाति और समुदाय के मेधावी विद्यार्थियों के लिए खुला रहेगा।समारोह में विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ-साथ करियर मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। विशेषज्ञों द्वारा 12वीं के बाद विभिन्न प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली सीयूईटी परीक्षा की जानकारी दी जाएगी, ताकि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्र के छात्र-छात्राएं भी उच्च शिक्षा के बेहतर अवसरों का लाभ उठा सकें।पंजीकरण प्रक्रिया 5 मई से शुरू हो चुकी है और आवेदन की अंतिम तिथि 23 मई निर्धारित की गई है। इच्छुक छात्र-छात्राएं गूगल फॉर्म और क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।इस दौरान सौरभ कुमार, पुष्पेंद्र कुमार, अमन कुमार निगम और आकाश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। ईएमएस/मोहने/ 07 मई 2026