क्षेत्रीय
07-May-2026
...


- तिरोड़ी और कटंगी तहसील में नक्शा तरमीम की प्रगति मिली कम - कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर प्रकरणों की समीक्षा की बालाघाट (ईएमएस). कलेक्टर मृणाल मीना ने 7 मई को जिला कार्यालय में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न राजस्व प्रकरणों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा के दौरान किरनापुर, बालाघाट एवं लांजी तहसीलों में प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर शेष किसानों की फार्मर रजिस्ट्री शीघ्र पूर्ण कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र किसान फार्मर रजिस्ट्री से वंचित नहीं रहना चाहिए। नक्शा तरमीम कार्य की समीक्षा के दौरान तिरोड़ी एवं कटंगी तहसीलों की प्रगति कम पाए जाने पर कटंगी एसडीएम को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि वे इस कार्य की नियमित समीक्षा कर प्रगति में तेजी लाएं। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व अभिलेखों का अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। बैठक में नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा प्रकरणों एवं विभिन्नं राजस्वर मदों की वसूली की भी गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी राजस्व प्रकरण अनिवार्य रूप से आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज किए जाएं। उन्होंने कहा कि अविवादित नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा तीन माह की निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्र के तहसील न्यायालयों का नियमित निरीक्षण करें तथा तीन माह से अधिक समय से लंबित अविवादित बंटवारा एवं सीमांकन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें। बैठक में राजस्व प्रकरणों के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर मीना ने बालाघाट एसडीएम को निर्देशित किया कि भटेरा रेल ओवर ब्रिज निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि का मुआवजा वितरण शीघ्र कराया जाए, ताकि ओवर ब्रिज निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके और आमजन को जल्द बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके। भानेश साकुरे / 07 मई 2026