एम्स्टर्डम (ईएमएस)। नीदरलैंड्स की दो राजकुमारियां कैथरीना-अमालिया और एलेक्सिया दोनों आजकल सुनहरे पिंजरे में कैद होकर रह गई हैं। पिछले कुछ सालों में इनके साथ साजिश के जो कांड हुए हैं, उन्हें सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। अपहरण की धमकियों और नाजी साजिशों के डर से, नीदरलैंड्स के शाही परिवार ने अपनी इन वारिसों को कड़े पहरे वाली कोठरियों में छिपा दिया है। खूंखार ड्रग लॉर्ड रिदुआन तागी और अन्य कट्टरपंथी तत्वों की गंदी नजर ने उनकी खुशहाल जिंदगी को एक खौफनाक मंजर में बदल दिया है। नीदरलैंड्स के शाही महल की दीवारों के पीछे इन दिनों सन्नाटा और खौफ पसरा हुआ है। जिस देश को दुनिया की सबसे शांत जगहों में गिना जाता था, वहां की राजकुमारियां कैथरीना-अमालिया और उनकी बहन एलेक्सिया आज अपनी जान बचाने के लिए कड़ा पहरा झेल रही हैं। इसकी मुख्य वजह है यूरोप का सबसे खूंखार ड्रग लॉर्ड रिदुआन तागी और उसकी आपराधिक गतिविधियां। यूरोप के ड्रग साम्राज्य का बेताज बादशाह कहा जाने वाला रिदुआन तागी, जो अपनी बेरहमी के लिए कुख्यात है, उसने राजकुमारी अमालिया को अपना निशाना बनाया। साल 2022 में इंटेलिजेंस रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि ड्रग कार्टल राजकुमारी के अपहरण या उन पर हमले की साजिश रच रहा है, जिससे शाही परिवार और देश दोनों हिल गए। अपनी पढ़ाई पूरी करने एम्स्टर्डम गई राजकुमारी को रातों-रात अपना हॉस्टल छोड़ना पड़ा और उन्हें एक साल के लिए नीदरलैंड्स छोड़कर स्पेन के मैड्रिड में शरण लेनी पड़ी। हालत इतनी खराब हो गई कि नीदरलैंड्स की रानी मैक्सिमा ने रोते हुए सार्वजनिक रूप से अपना दर्द बयां करते हुए कहा था कि मेरी बेटी अब आम लड़कियों की तरह बाहर नहीं निकल सकती, उसकी आजादी छिन गई है। यह बयान उनकी लाचारी और भय को दर्शाता है। अभी ड्रग लॉर्ड का साया पूरी तरह हटा भी नहीं था कि एक और सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश हुआ, जिसने लोगों की रूह कंपा दी। पुलिस ने एक 33 साल के कट्टरपंथी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से दो कुल्हाड़ियां बरामद हुई हैं। इन कुल्हाड़ियों पर राजकुमारी एलेक्सिया का नाम और नाजियों का खूंखार नारा सीग हील खुदा हुआ था। उस शख्स के पास से एक पर्चा भी मिला जिस पर ब्लडबाथ (खून-खराबा) लिखा था। यह खुलासा होते ही सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई कि कैसे एक के बाद एक खूंखार अपराधी इन खूबसूरत राजकुमारियों के पीछे हाथ धोकर पड़े हैं। रिदुआन तागी भले ही आज उम्रकैद की सजा काट रहा है, लेकिन उसका भयावह नेटवर्क जेल के अंदर से भी सक्रिय है। नीदरलैंड्स में इसे नारको-स्टेट की बढ़ती आहट माना जा रहा है, जहां आपराधिक संगठन राज्य के कार्यों पर हावी होने का प्रयास कर रहे हैं। तागी पर आरोप है कि उसने जेल के अंदर से ही उन वकीलों और पत्रकारों की हत्या करवाई, जिन्होंने उसके खिलाफ बोलने की हिम्मत की थी। भविष्य में नीदरलैंड्स की रानी बनने वाली राजकुमारी अमालिया, आज एक सुनहरे पिंजरे में कैद हैं। उन्होंने हाल ही में अपना दर्द बयां करते हुए कहा, मुझे अपनी वो साधारण जिंदगी याद आती है… जब मैं बिना डरे दुकान पर जा सकती थी या गलियों में घूम सकती थी। आज भी जब राजपरिवार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में निकलता है, तो हजारों सुरक्षाकर्मी साये की तरह उनके साथ होते हैं। सुदामा/ईएमएस 08 मई 2026