मनोरंजन
08-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने अपनी आगामी अनटाइटल्ड फिल्म के केरल शेड्यूल को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया के जरिए शूटिंग पूरी होने की खुशी अपने प्रशंसकों के साथ साझा की। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री विद्या बालन और राशि खन्ना अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम पर फिल्म की टीम के साथ एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह विद्या बालन और राशि खन्ना के साथ मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर के साथ अभिनेता ने केरल में शूटिंग के अनुभव को बेहद खास बताया। उन्होंने लिखा कि खूबसूरत जगह और शानदार लोगों के साथ काम करने का अनुभव हमेशा यादगार रहता है। अक्षय ने कहा, “केरल का शेड्यूल पूरा हो गया। अच्छे लोगों के साथ एक खूबसूरत जगह पर काम करने से बेहतर कुछ नहीं हो सकता।” अभिनेता ने अपने पोस्ट में फिल्म के निर्देशक अनीस बज्मी की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा कि अनीस बज्मी ने कैमरे के पीछे शानदार काम किया है और पूरी टीम ने इस प्रोजेक्ट को खास बनाने में अहम भूमिका निभाई है। अक्षय कुमार ने अपनी सह-कलाकार विद्या बालन, राशि खन्ना और अभिनेता राजपाल यादव सहित पूरी टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह फिल्म उनके लिए बेहद खास अनुभव रही है। बताया जा रहा है कि अनीस बज्मी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म एक्शन और कॉमेडी से भरपूर होगी। हालांकि अभी तक फिल्म के शीर्षक और कहानी से जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। मेकर्स ने फिलहाल प्रोजेक्ट को लेकर गोपनीयता बनाए रखी है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि शूटिंग आगे बढ़ने के साथ फिल्म से जुड़ी नई जानकारियां सामने आएंगी। अनीस बज्मी और अक्षय कुमार की जोड़ी लंबे समय बाद एक बार फिर साथ काम कर रही है। इससे पहले दोनों ने ‘सिंह इज किंग’, ‘वेलकम’ और ‘थैंक यू’ जैसी कई सफल फिल्मों में साथ काम किया है। दर्शकों को उनकी यह जोड़ी हमेशा से पसंद आती रही है। सुदामा/ईएमएस 08 मई 2026