मनोरंजन
08-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। जून महीने में बॉलीवुड दो बड़ी फिल्मों की रिलीज को लेकर चर्चा तेज है। एक तरफ अभिनेत्री जान्हवी कपूर की फिल्म ‘पेड्डी’ रिलीज होने जा रही है, वहीं दूसरी तरफ अभिनेता वरुण धवन की रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ भी सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। हालांकि दोनों फिल्मों के बीच संभावित क्लैश को लेकर किसी तरह की प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि दोस्ताना माहौल देखने को मिल रहा है। जान्हवी कपूर ने सोशल मीडिया पर एक मजेदार वीडियो शेयर कर इस बॉक्स ऑफिस टक्कर को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश किया। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस ट्रांसफॉर्मेशन वीडियो में उन्होंने वरुण धवन की फिल्म का प्रसिद्ध “वाओ” ऑडियो इस्तेमाल किया, जिसे फैंस ने काफी पसंद किया। वीडियो के साथ जान्हवी ने वरुण धवन को टैग करते हुए मजाकिया अंदाज में लिखा, “लगता है हम टकरा रहे हैं वरुण धवन।” जान्हवी के इस पोस्ट पर वरुण धवन ने भी बेहद प्यारा और दिल जीत लेने वाला जवाब दिया। उन्होंने कमेंट करते हुए लिखा, “ओह माय गॉड, तुम्हारे साथ कभी कोई क्लैश नहीं होता। तुम इस वीडियो में कमाल लग रही हो।” इसके अलावा वरुण ने जान्हवी का वीडियो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी साझा किया और लिखा, “तुम्हारे साथ तो बस प्यार भरी टक्कर है जान्हवी। तुम ‘पेड्डी’ में बहुत शानदार लग रही हो। अपनी दोस्त को बड़े पर्दे पर देखने का मुझे बेसब्री से इंतजार है।” दोनों कलाकारों के बीच सोशल मीडिया पर हुई यह हल्की-फुल्की बातचीत फैंस को काफी पसंद आ रही है। लोग इसे बॉलीवुड में सकारात्मक रिश्तों और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का उदाहरण बता रहे हैं। वरुण धवन की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की रिलीज डेट को लेकर भी काफी बदलाव देखने को मिले। पहले यह फिल्म 5 जून को रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में यश की फिल्म ‘टॉक्सिकः ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ की रिलीज घोषणा के बाद इसकी तारीख आगे बढ़ाकर 12 जून कर दी गई थी। इसके बाद फिल्म की नई रिलीज डेट 22 मई तय की गई, लेकिन अब आखिरकार यह फिल्म अपनी मूल रिलीज डेट यानी 5 जून को ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी। सुदामा/ईएमएस 08 मई 2026