मनोरंजन
08-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। अपनी अपकमिंग पारिवारिक ड्रामा फिल्म ‘दादी की शादी’ को लेकर अभिनेत्री सादिया खतीब चर्चा में हैं। हाल ही में सादिया ने बताया कि इस फिल्म की कहानी उनके दिल को इतनी गहराई से छू गई थी कि उन्होंने इसे साइन करने में बिल्कुल भी समय नहीं लगाया। सादिया के मुताबिक, लंबे समय तक गंभीर और इंटेंस किरदार निभाने के बाद वह कुछ अलग और भावनात्मक कहानी का हिस्सा बनना चाहती थीं। सादिया खतीब ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार फिल्म की कहानी सुनी, तो उन्हें तुरंत एहसास हो गया कि यह एक खास प्रोजेक्ट है। उन्होंने कहा कि कहानी सुनने के बाद उन्हें हां करने में मुश्किल से एक मिनट लगा होगा। अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने यह फिल्म अपनी पिछली रिलीज ‘डिप्लोमैट’ से भी पहले साइन कर ली थी। उनके अनुसार लगातार गंभीर भूमिकाएं निभाने के बाद एक कलाकार के तौर पर बदलाव जरूरी हो जाता है और ‘दादी की शादी’ उनके लिए वही बदलाव लेकर आई। अभिनेत्री ने कहा कि यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि परिवार और रिश्तों की भावनात्मक यात्रा है। इसमें माता-पिता, दादा-दादी और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच के रिश्तों को बेहद खूबसूरती से दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से भी ऐसी कहानी दुनिया के सामने लाना चाहती थीं, जिससे लोग खुद को जोड़ सकें। अपनी निजी जिंदगी का जिक्र करते हुए सादिया खतीब भावुक भी नजर आईं। उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले रक्षाबंधन के मौके पर उन्होंने अपनी दादी को खो दिया था और वह उनके बेहद करीब थीं। अभिनेत्री ने कहा कि उनके दादाजी का निधन भी काफी पहले हो गया था। जब उन्होंने फिल्म की स्क्रिप्ट सुनी, तो उन्हें अपनी दादी के साथ बिताए खूबसूरत पल याद आ गए। उन्होंने कहा कि आज भी जब वह अपनी दादी के बारे में सोचती हैं, तो ऐसा लगता है जैसे वह कल की ही बात हो। सादिया के मुताबिक, फिल्म में उन्हें उसी पवित्र रिश्ते को पर्दे पर निभाने का मौका मिला, जिसने इस प्रोजेक्ट को उनके लिए और भी खास बना दिया। फिल्म के विषय और शीर्षक को लेकर अभिनेत्री का कहना है कि आज के दौर में ऐसी साफ-सुथरी पारिवारिक फिल्में बहुत कम बनती हैं। उन्होंने बताया कि ‘दादी की शादी’ में कॉमेडी, इमोशन और परिवार से जुड़ी भावनाओं का खूबसूरत मिश्रण देखने को मिलेगा। खास बात यह है कि यह फिल्म हर उम्र के दर्शकों के लिए बनाई गई है और इसे पूरा परिवार साथ बैठकर देख सकता है। फिल्म में सादिया खतीब को नीतू कपूर और कपिल शर्मा जैसे बड़े कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला। इस अनुभव को उन्होंने अपने करियर का महत्वपूर्ण सीखने वाला दौर बताया। बताया जा रहा है कि इस फिल्म में रिश्तों, परिवार और भावनाओं की खूबसूरत कहानी दिखाई जाएगी। सुदामा/ईएमएस 08 मई 2026