राष्ट्रीय
08-May-2026
...


चार रिश्तेदार भी उसी फ्लैट में रह रहे थे, जांच एजेंसियों की नजर अब रिश्तेदारों पर भी नासिक,(ईएमएस)। नासिक के चर्चित टीसीएस मामले में फरार चल रही निदा खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसकी पहली तस्वीर भी सामने आई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक निदा खान पिछले कई दिनों से कैसर कॉलोनी स्थित एक फ्लैट में रह रही थीं। हैरानी की बात यह रही कि उसके साथ चार रिश्तेदार भी उसी फ्लैट में रह रहे थे। पुलिस को लंबे समय से उसके लोकेशन बदलने की जानकारी मिल रही थी, लेकिन हर बार वह जांच एजेंसियों से बच निकल रही थी। आखिरकार नासिक क्राइम ब्रांच और छत्रपति संभाजी नगर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में उसे हिरासत में ले लिया। रात करीब 11:30 बजे पुलिस टीम ने उसे डिटेन किया। गिरफ्तारी के बाद सबसे पहले उसका मेडिकल और हेल्थ चेक-अप कराया गया। इसके बाद उसे ट्रांजिट वारंट की प्रक्रिया के लिए संभाजी नगर कोर्ट में पेश किया। अब उसे नासिक ले जाया जाएगा, जहां कोर्ट में पेशी होगी। पुलिस के मुताबिक मामला सामने आने के बाद से ही निदा खान जांच एजेंसियों के रडार पर थी। 25 मार्च के बाद से वह फरार चल रही थी। जांच एजेंसियों को शक था कि आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रही है। इसी बीच उसने अग्रिम जमानत हासिल करने की भी कोशिश की थी, लेकिन कोर्ट से उसे राहत नहीं मिली। 2 मई 2026 को नाशिक रोड कोर्ट ने उसकी एंटीसिपेटरी बेल याचिका खारिज कर दी थी। कोर्ट के इस फैसले के बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज हो गई थी। नाशिक रोड कोर्ट में हुई सुनवाई इस केस का अहम मोड़ मानी जा रही है। निदा खान की गिरफ्तारी के बाद नासिक से लेकर छत्रपति संभाजी नगर तक हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर भी इस केस को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं। गिरफ्तारी के बाद सामने आई तस्वीर को लेकर भी लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब आरोपी से पूछताछ के बाद कई नए खुलासे हो सकते हैं। जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश करेंगी कि फरारी के दौरान उसे किसने मदद पहुंचाई, वह किन-किन लोगों के संपर्क में थी और क्या इस पूरे नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं। जांच एजेंसियों की नजर अब उन चार रिश्तेदारों पर भी है, जो उसके साथ फ्लैट में रह रहे थे। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या उन्हें आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी थी और क्या उन्होंने जानबूझकर उसे शरण दी थी। सिराज/ईएमएस 08मई26