क्षेत्रीय
08-May-2026
...


- खुद ने पुलिस को फोन करके लगाया बंधक बनाने का आरोप राजगढ़ (ईएमएस)l जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर 3 लाख 10 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। तलावड़ा गांव के एक परिवार को शादी कराने का झांसा देकर यह राशि ऐंठी गई। पुलिस ने इस मामले में एक युवती, उसके कथित प्रेमी और एक बिचौलिए के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक फरार है। पुलिस के अनुसार, तलावड़ा निवासी रामप्रसाद तंवर अपने छोटे भाई ग्यारसीराम की शादी के लिए लड़की तलाश रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात रिश्तेदारी के माध्यम से ग्राम कोयला निवासी राजू तंवर से हुई। राजू ने उन्हें एक युवती से शादी कराने का आश्वासन दिया और बाद में रामप्रसाद को रंजना सिरोनिया और गोविंद सौंधिया से मिलवाया। आरोप है कि रंजना ने खुद को पति से अलग रह रही महिला बताया, जबकि गोविंद को उसका भाई बताया गया। बातचीत के दौरान आरोपियों ने शादी से पहले जेवर बनवाने और अन्य खर्चों के नाम पर पैसे की मांग की। परिवार ने विश्वास कर अलग-अलग किस्तों में कुल 3 लाख 10 हजार रुपये दे दिए। बताया गया कि गोविंद पैसे लेकर जेवर खरीदने की बात कहकर चला गया और फिर वापस नहीं लौटा। इसी बीच रंजना ने ग्यारसीराम के साथ बोरकापानी मंदिर में शादी कर ली। शादी के बाद वह तलावड़ा स्थित ससुराल भी पहुंची और वहां एक रात रुकी। - खुद पुलिस को दी सूचना अगले ही दिन रंजना ने खुद पुलिस को फोन कर सूचना दी कि उसे बंधक बनाकर रखा गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि शादी और बंधक बनाए जाने की पूरी कहानी कथित रूप से पहले से रची गई साजिश का हिस्सा थी। पुलिस के मुताबिक योजना के तहत पहले शादी कर परिवार से रुपये ऐंठे गए और बाद में पुलिस बुलाकर वहां से निकलने की तैयारी थी। मामले में खिलचीपुर पुलिस ने रामप्रसाद तंवर की शिकायत पर रंजना सिरोनिया निवासी चाटूखेड़ा हाल निवासी इंग्ले कॉलोनी राजगढ़, गोविंद सौंधिया और राजू तंवर के खिलाफ जालसाजी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है। - राजगढ़/8/5/2026