बिलासपुर (ईएमएस)। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में डिजिटल शिक्षाशास्त्र और शिक्षक शिक्षा: नई शिक्षा नीति 2020 का दृष्टिकोण विषय पर केंद्रित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन हुआ। सीएसएसआर प्रायोजित इस आयोजन में देश के 16 राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जो राष्ट्रीय स्तर पर एक सार्थक शैक्षणिक संवाद का मंच बना। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। डॉ. राजेश्वरी गर्ग ने स्वागत उद्बोधन दिया, जिसके बाद आयोजन सचिव डॉ. राजेश गौर ने दो दिवसीय संगोष्ठी का विस्तृत और सारगर्भित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मुख्य विशिष्ट अतिथि एसईसीएल, बिलासपुर के महाप्रबंधक मनीष श्रीवास्तव ने डिजिटल युग में शिक्षा के बदलते स्वरूप तथा नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षक शिक्षा में नवाचार व तकनीकी दक्षता के समन्वय पर जोर दिया। निदेशक (आइक्यूएसी) प्रो. ए. के. सक्सेना ने अध्यक्षीय उद्बोधन में ऐसे शैक्षणिक आयोजनों को शिक्षक शिक्षा में गुणवत्ता संवर्धन हेतु महत्वपूर्ण बताया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल के प्रेरणादायक मार्गदर्शन से यह संगोष्ठी सफल रही। प्रतिभागियों ने इसे ज्ञानवर्धक और समसामयिक अनुभव बताया। अंत में शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. सम्बित कुमार पाढ़ी ने आभार व्यक्त किया। शोधार्थी श्रीमती सुभांकिता रथ ने कार्यक्रम का प्रभावी संचालन किया। यह संगोष्ठी डिजिटल शिक्षाशास्त्र और नई शिक्षा नीति 2020 के संदर्भ में शैक्षणिक विमर्श को नई दिशा देने में सहायक रही। - 08 मई 2026