08-May-2026
...


- खाने में निकला सांप, 250 से ज्यादा बच्चे बीमार सहरसा (ईएमएस)। बिहार के सहरसा जिले के महिषी प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बलुआ में उस वक्त कोहराम मच गया, जब मिड-डे मील खाने के बाद 250 से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों ने भोजन में सांप मिलने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। खाना खाने के कुछ ही देर बाद छात्रों को तेज पेट दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत होने लगी, जिससे स्कूल परिसर और पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों और अभिभावकों का दावा है कि स्कूल के ऑफिस में रखी एक प्लेट में तेलिया प्रजाति का सांप देखा गया, जिसे देखकर बच्चे दहशत में आ गए। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, करीब 50 से 60 बच्चों की हालत अधिक गंभीर थी, जो डर और बेचैनी के कारण बेहोश तक होने लगे थे। स्थानीय स्तर पर मुकम्मल इलाज न मिल पाने के कारण आनन-फानन में बच्चों को सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। अभिभावक मोहम्मद शफीक ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बच्चों की जान के साथ खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार और मोहल्ले के लगभग हर घर का बच्चा इस जहरीले खाने का शिकार हुआ है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अस्पताल में भर्ती ज्यादातर बच्चों की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी स्कूलों में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और निगरानी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन अब इस मामले की जांच में जुट गया है कि आखिर भोजन पकाते समय इतनी बड़ी चूक कैसे हुई। रामयश/ईएमएस 08 मई 2026