अंतर्राष्ट्रीय
08-May-2026


वाशिंगटन,(ईएमएस)। वाशिंगटन में एक अप्रत्याशित राजनयिक घटनाक्रम में, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने व्हाइट हाउस में मुलाकात की। ट्रंप ने बैठक की जानकारी देकर बताया कि दोनों नेताओं ने व्यापार और विशेष रूप से टैरिफ जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत की। उन्होंने बैठक को बहुत अच्छी करार दिया। इस पहल का मकसद दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करना है, जिसके लिए दोनों देशों के प्रतिनिधि भविष्य में कुछ खास मुद्दों पर चर्चा के लिए मिलेंगे। आने वाले महीनों में और बैठकें भी संभव हैं। यह मुलाकात तब हुई है जब दोनों नेताओं के बीच गहरे वैचारिक मतभेद और व्यापार को लेकर पुरानी तल्खी जगजाहिर है। लूला वामपंथी विचारधारा के समर्थक हैं, जबकि ट्रंप दक्षिणपंथी राजनीति का प्रतिनिधित्व करते हैं। पूर्व में, ट्रंप ने ब्राजील से आयात होने वाले सामानों पर 50 प्रतिशत तक के भारी शुल्क लगाए थे, जिस पर लूला ने कड़ी आपत्ति जताकर एकतरफा कार्रवाई बताया था। लूला ने ट्रंप की आलोचना कर यहां तक कहा था कि ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति हैं, दुनिया के सम्राट नहीं। इसके अलावा, ट्रंप का ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति और लूला के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी जैर बोल्सोनारो से गहरा जुड़ाव रहा है, और उन्होंने मौजूदा सरकार पर टैरिफ के जरिए दबाव बनाने की कोशिश भी की थी। इन पुरानी कड़वाहटों और वैचारिक टकरावों के बावजूद, व्हाइट हाउस में यह मुलाकात दोनों देशों के बीच संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत का संकेत दे रही है, जहां व्यापारिक हितों को प्राथमिकता दी जा रही है। आशीष दुबे / 08 मई 2026