राज्य
08-May-2026


मधुबनी, (ईएमएस)। बिहार सरकार की नई पहल के तहत मधुबनी जिला प्रशासन द्वारा आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सहयोग शिविर का आयोजन 19 मई से शुरू किया जाएगा। पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले इस शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों एवं आवेदनों का एक ही स्थान पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ आमजन तक पहुंचाना तथा जनता की समस्याओं का पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान करना है। जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक प्रखंड में पंचायतवार सहयोग शिविर आयोजित होंगे। इसकी शुरुआत 19 मई से होगी तथा जून माह तक विभिन्न पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। प्रथम चरण 19 मई से जिला के 26 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन होगा। शिविरों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, भूमि सुधार, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, जलापूर्ति समेत अन्य विभागों से संबंधित मामलों का निष्पादन किया जाएगा। डीएम ने निर्देश दिया है कि शिविर का आयोजन प्रत्येक माह के पहले एवं तीसरे मंगलवार को पंचायत स्तर पर किया जाएगा। संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी शिविर से 30 दिन पूर्व आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। शिविर में प्राप्त आवेदनों का विभागवार पंजीकरण कर समयबद्ध निष्पादन किया जाएगा। जिला प्रशासन के अनुसार संबंधित विभागीय पदाधिकारी शिविर से पूर्व प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर समाधान की दिशा में कार्रवाई करेंगे, ताकि शिविर स्थल पर ही अधिकतर मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन हो सके। सहयोग शिविर में नागरिकों की सुविधा के लिए बैठने, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविरों की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं निगरानी के लिए राज्य स्तर से वरिष्ठ अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रत्येक शिविर में जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे, जिनके नेतृत्व में कार्यक्रम का संचालन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में भाग लेकर अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त करें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। कार्तिक कुमार/संतोष झा- ०८ मई/२०२६/ईएमएस