राज्य
08-May-2026


भोपाल, बीना, इटारसी, गुना सहित प्रमुख स्टेशनों पर वितरित किये गए ओआरएस पैकेट भोपाल (ईएमएस) । पश्चिम मध्य रेल भोपाल मंडल द्वारा रेलकर्मियों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं जागरूकता के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत मंडल के विभिन्न स्थानों पर कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सहायता एवं परामर्श प्रदान किए जा रहे हैं। भोपाल मंडल चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा गार्ड एवं ड्रायवर लॉबी सहित भोपाल, बीना, इटारसी, गुना, शाजापुर एवं हरदा सेक्शन के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों तथा रेलवे ट्रैक पर कार्यरत कर्मचारियों को ओ.आर.एस. के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं। साथ ही कर्मचारियों को गर्मी एवं लू से बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूक भी किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त आवधिक चिकित्सा परीक्षण हेतु रेल चिकित्सालय में आने वाले रनिंग स्टाफ को भी स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिए जा रहे हैं। चिकित्सा विभाग द्वारा कर्मचारियों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप से बचाव हेतु सिर ढककर रखने, समय-समय पर विश्राम करने तथा शरीर में पानी की कमी नहीं होने देने की सलाह दी जा रही है। भोपाल मंडल द्वारा कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह अभियान लगातार जारी रखा जा रहा है, जिससे फील्ड में कार्यरत रेलकर्मियों को सुरक्षित एवं स्वस्थ कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। आशीष पाराशर/08 मई2026