- किसानों से किया संवाद मण्डला (ईएमएस)। संभागयुक्त श्री धनंजय सिंह ने आकांक्षी विकासखंड नारायणगंज में विकास कार्यों की समीक्षा के बाद बीजाडांडी विकासखंड के खूंटापड़ाव गेहूं उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खरीदी व्यवस्था, किसानों को उपलब्ध सुविधाओं तथा समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया। संभागायुक्त श्री सिंह ने केंद्र पर उपस्थित किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को किसानों की आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को मिट्टी परीक्षण, उन्नत कृषि तकनीकों तथा खाद-बीज की उपलब्धता एवं गुणवत्ता के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज उपलब्ध कराने तथा मृदा परीक्षण के सम्बंध में संयुक्त संचालक कृषि विभाग को विभागीय निर्देशों के अनुसार कार्यवाही के निर्देश भी दिए। उन्होंने किसानों से समर्थन मूल्य पर उपार्जित गेहूं के परिवहन और भंडारण में गति लाने के निर्देश दिये। किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आकस्मिक वर्षा होने की स्थिति में उपार्जित गेहूँ की सुरक्षा प्रभावी रूप से की जाने के निर्देश भी दिए। ईएमएस / 08/05/2026