क्षेत्रीय
08-May-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ परेश उपलप के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के तहत गुरुवार 8 मई को डीईआईसी जिला चिकित्सालय बालाघाट में जन्मजात हृदय रोग से पीडि़त बच्चों के लिए विशेष हृदय रोग शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर का कलेक्टर मृणाल मीना ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य अमले को आवश्यक निर्देश दिए। शिविर में जबलपुर से आए शिशु हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ केएल उमा माहेश्वर, मुंबई नारायण अस्पताल से डॉ प्रिया प्रधान एवं गैलेक्सी अस्पताल से डॉ इशरत अहमद ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुल 93 बच्चों की ईको जांच की गई। सिविल सर्जन डॉ निलय जैन ने बताया कि बालाघाट जिले के सात विकासखंडों से चिन्हित लगभग 93 बच्चों को शिविर में बुलाया गया था। जांच उपरांत 19 बच्चों का सर्जरी हेतु चयन किया गया, जबकि दो बच्चों को तत्काल उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर भर्ती कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा 23 बच्चों को छह माह बाद पुन: जांच के लिए बुलाया गया तथा 26 बच्चों का सर्जरी उपरांत फॉलोअप किया गया। वहीं 25 बच्चे सामान्य पाए गए। सीएमएचओ डॉ परेश उपलप ने बताया कि 2 मई को बैहर सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया था तथा 8 मई को डीईआईसी जिला चिकित्सालय बालाघाट में यह शिविर आयोजित किया गया। दोनों शिविरों में 147 बच्चों का पंजीयन हुआ, जिनमें से 34 बच्चों की सर्जरी कराई जाएगी तथा 28 बच्चों को छह माह बाद फॉलोअप के लिए बुलाया जाएगा। साथ ही 31 बच्चों का सर्जरी उपरांत फॉलोअप भी किया गया। भानेश साकुरे / 08 मई 2026