अलीगढ़ (ईएमएस)। संयुक्त श्रमिक किसान मोर्चा के संस्थापक जितेंद्र शर्मा द्वारा भमोला के उपभोक्ताओं पर विद्युत विभाग द्वारा मुकदमा दर्ज कराएं जाने पर संज्ञान लेते हुए एक आवश्यक बैठक जिला कार्यालय पर आहूत किया । बैठक सम्बोधित करते हुए कहा कि जनपद में विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं पर जबरन स्मार्ट/प्रीपेड मीटर थोपे जाने एवं विरोध करने वाले उपभोक्ताओं पर मुकदमे दर्ज किए जाने की घटनाएं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं जनविरोधी हैं। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा स्पष्ट किए गए निर्देशों (स्मार्ट/प्रीपेड मीटर) एवं उपभोक्ताओं के अधिकारों की भावना के विपरीत विद्युत विभाग मनमानी कार्यशैली अपनाकर जनता में भय का माहौल बना रहा है। भमोला क्षेत्र सहित कई स्थानों पर उपभोक्ताओं द्वारा विरोध स्वरूप जमा कराए गए स्मार्ट/प्रीपेड मीटरों को पुनः जबरन लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उपभोक्ताओं की सहमति के बिना इस प्रकार की कार्यवाही लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है। संयुक्त श्रमिक किसान मोर्चा, उत्तर प्रदेश स्पष्ट करता है कि किसी भी उपभोक्ता पर उसकी रजामंदी के बिना स्मार्टध्प्रीपेड मीटर नहीं थोपा जाना चाहिए। पूर्व में बिना सहमति लगाए गए मीटर यदि उपभोक्ताओं द्वारा हटाकर विभाग में जमा किए जाते हैं, तो तत्काल पुराने मीटर पुनः लगाए जाएं। साथ ही विरोध करने वाले उपभोक्ताओं पर दर्ज सभी मुकदमे तत्काल प्रभाव से वापस लिए जाएं। मोर्चा यह भी चेतावनी देता है कि यदि विद्युत विभाग ने अपनी हठधर्मिता एवं दमनात्मक रवैया बंद नहीं किया, तो प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन एवं विद्युत विभाग की होगी। उक्त संदर्भ में 17 मई को संयुक्त किसान मोर्चा ( गैर -राजनीतिक) के संरक्षक बापू सरदार जगजीत सिंह डल्ले वाल की उपस्थिति में सभी संगठनों की बैठक मेरठ में आयोजित कार्यक्रम कर आगामी रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष मोहम्मद रिजवान शाह, मोर्चा के विधि सलाहकार वरिष्ठ अधिवक्ता श्री प्यारेलाल वर्मा, मोर्चा अधिवक्ता प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव एडवोकेट नीरज यादव,मीना देवी,हरीश कुमार, अंशुल, राजकुमार जादौन, अरमान,फुरकान आदि मौजूद रहे। ईएमएस / 08/05/2026