क्षेत्रीय
08-May-2026
...


अशोकनगर (ईएमएस) । शहर में 16 वर्षीय एक नाबालिग किशोरी को दोस्ती के बहाने फंसाकर उसके आपत्तिजनक फोटो लेने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इन फोटो के आधार पर उसे धर्म परिवर्तन के लिए ब्लैकमेल किया जा रहा था। पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की, जिनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक विधि विवादित बालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। पीडि़ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब एक साल पहले उसकी दोस्ती आरोपी रियान खान से हुई थी। इसी दौरान रियान ने उसके आपत्तिजनक फोटो ले लिए। पीडि़ता का आरोप है कि इन फोटो को वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था। रियान खान, जुबेर खान और मुसीर खान उस पर हिंदू धर्म छोडक़र मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बना रहे थे। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं, मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। टीम ने आरोपी रियान खान और मुसीर खान को आजाद मोहल्ला से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में शामिल एक नाबालिग के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है। ईएमएस / /08,मई,2026