- प्रेमिका की शादी में पहुंचा प्रेमी, भाईयों ने कर दी हत्या, हादसे का रचा गया झूठा खेल, इश्क का खूनी अंजाम, पुलिस ने 48 घंटे में अंधे हत्याकांड का किया पर्दाफाश प्रेमी युवक की हत्या के आरोप में पांच गिरफ्तार शादी समारोह में युवक से मारपीट करने से हुई थी मौत मौत के बाद शव को बाइक समेत फेंक रचा सडक़ हादसे का ड्रामा बालाघाट (ईएमएस). जिले के रामपायली थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज अंधे हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। प्रेम प्रसंग से उपजे विवाद ने खौफनाक रूप लिया, जहां युवक को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया और फिर पूरी घटना को सडक़ दुर्घटना दिखाने की साजिश रची गई। पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड की साजिश का खुलासा कर दिया है। शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि 6 मई को डायल-112 पर सूचना मिली कि ग्राम गर्राबोडी के जंगल मार्ग में एक युवक मोटरसाइकिल सहित संदिग्ध हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही रामपायली पुलिस मौके पर पहुंची, जहां युवक मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान तरुण पिता टोपसिंह लिल्हारे 23 वर्ष निवासी खैरलांजी के रूप में हुई। मौके पर युवक के शरीर पर गहरे चोटों के निशान, टूटा मोबाइल, फटे कपड़े और चप्पल मिलने से मामला संदिग्ध नजर आया। शुरुआत में इसे सडक़ दुर्घटना माना गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी पलट दी—मौत दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम की मुस्तैदी से इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा संभव हो सका। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। युवती से था प्रेम प्रसंग एसपी के अनुसार जांच में सामने आया कि मृतक तरुण का येरवाटोला की एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था। युवती की शादी कहीं और तय होने से दोनों पक्षों में पहले से तनाव बना हुआ था। घटना वाली रात तरुण शादी समारोह में पहुंचा, जहां युवती के परिजनों ने उसे देख लिया। जिसके बाद उसकी बेरहमी से मारपीट की गई, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पहले की हत्या, फिर रची साजिश निर्दयतापूर्वक की गई मारपीट में तरुण की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने साजिश के तहत शव को मोटरसाइकिल के साथ गर्राबोडी जंगल मार्ग पर फेंक दिया, ताकि यह पूरा मामला सडक़ दुर्घटना लगे और वे बच निकलें। तकनीकी साक्ष्य बने कातिलों तक पहुंचने का जरिया एसपी ने बताया कि कॉल डिटेल, शादी समारोह की वीडियोग्राफी और तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। मुखबिर सूचना और लगातार पूछताछ के आधार पर पुलिस ने साजिश का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें वेदप्रकाश पिता लोटन लिल्हारे, हरिप्रकाश पिता लोटन लिल्हारे, दिलीप पिता लक्ष्मण लिल्हारे, कमलकिशोर पिता नीलकरण और योगेश पिता छोटेलाल वरकड़े को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी के डंडे, कपड़े और जूते भी बरामद किए गए हैं। भानेश साकुरे / 08 मई 2026