क्षेत्रीय
08-May-2026
...


- अंकुर आवास परिसर में जनसंवाद, अपर आयुक्त ने कपड़े के थैले उपयोग करने की अपील की :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर को सिंगल यूज प्लास्टिक से पूरी तरह मुक्त करने के लिए नगर निगम ने अब जनसंवाद का रास्ता अपनाया है। निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में झोन 18 के वार्ड 64 स्थित अंकुर आवास परिसर में अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर ने रहवासियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने नागरिकों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। संवाद के दौरान अपर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे बाजार जाते समय अनिवार्य रूप से कपड़े या जूट के थैलों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कैरीबैग और डिस्पोजेबल सामग्री न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह ड्रेनेज सिस्टम को भी चोक करती है। कार्यक्रम में स्वच्छता के साथ-साथ क्षेत्र की अन्य मूलभूत सुविधाओं पर भी चर्चा हुई। रहवासियों ने कचरा संग्रहण और सीवर सफाई से जुड़ी समस्याएं साझा कीं, जिस पर अपर आयुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर क्षेत्रीय झोनल अधिकारी और निगम की स्वास्थ्य टीम भी उपस्थित थी। निगम का लक्ष्य है कि जनभागीदारी के माध्यम से हर रहवासी परिसर को प्लास्टिक मुक्त घोषित किया जाए। प्रकाश/08 मई 2026