क्षेत्रीय
08-May-2026
...


- वार्डों में पहुंचकर व्यवस्थाएं देखी, किसानों से ली तौल की जानकारी अशोकनगर (ईएमएस) । जिले के दौरे पर आए मध्यप्रदेश शासन के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला ने शुक्रवार को जिला अस्पताल एवं नवीन कृषि उपज मंडी स्थित गेहूं उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रभारी मंत्री ने विभिन्न वार्डों में पहुंचकर भर्ती मरीजों से बातचीत की और उन्हें मिल रहे उपचार के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मंत्री आईसीयू वार्ड में भी पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों से हालचाल जाना और स्वास्थ्य लाभ की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से चर्चा कर अस्पताल में डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति और उपचार व्यवस्था के बारे में भी पूछा। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसके बाद प्रभारी मंत्री नवीन कृषि उपज मंडी स्थित उपार्जन केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने उपार्जन व्यवस्था का निरीक्षण किया और किसानों की सुविधा के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उनके साथ जिला अस्पताल में कलेक्टर साकेत मालवीय सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कृषि मंडी में किसानों की समस्याओं को सुना: नवीन कृषि उपज मंडी स्थित गेहूं उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर उपार्जन केन्द्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रभारी मंत्री द्वारा उर्पाजन केन्द्र पर किसानों को छाया, पानी एवं बैठने की समुचित व्यवस्था हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही किसानों से तौल के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिये कि उर्पाजन कार्य पूरी पारदर्शिता एवं सुचारू रूप से संपादित किया जाएं तथा किसानों को किसी भी प्रकार परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने तौल काटे, बारदाना व्यवस्था एवं भण्डार की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने उर्पाजन केन्द्र पर उपस्थित किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी तथा त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। इस अवसर पर कलेक्टर साकेत मालवीय, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राजेश जैन एवं संबंधित अधिकारी साथ रहे। ईएमएस / /08,मई,2026