- जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना का कार्य जारी नरसिंहपुर,(ईएमएस)। भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना) का कार्य 1 मई 2026 से प्रारंभ होकर 30 मई 2026 तक जारी रहेगा। यह कार्य चार्ज स्तरीय प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है। इस दौरान डिजिटल जियो-मैपिंग तकनीक का उपयोग करते हुए मकानों का सूचीकरण किया जा रहा है। जनगणना 2027 के मकान सूचीकरण ऐप के माध्यम से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश द्वारा स्व-गणना की आईडी की ऑनलाइन प्रविष्टि कर अपने निवास की जानकारी दर्ज कराई गई। उक्त कार्य तकनीकी सहायक प्रगणक श्री राहुल सोनटेके के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें सुभाष वार्ड की प्रगणक सुश्री सुलोचना ठाकुर एवं पर्यवेक्षक श्री स्वतंत्र खरे द्वारा मकान सूचीकरण की प्रक्रिया पूर्ण की गई। प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे जनगणना कार्य में सहयोग प्रदान करें, ताकि सटीक एवं अद्यतन आंकड़े संकलित किए जा सकें। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 08 मई 2026