- कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में सागर को अग्रणी बनाने के लिए अपना सिटीजन फीडबैक दिया - कलेक्टर की अपील-नागरिक स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर के निर्माण में सहयोग करें, अपनी प्रतिक्रिया और सुझाव सिटीजन फीडबैक के माध्यम से अवश्य साझा करें सागर (ईएमएस)। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में सागर को अग्रणी बनाने के लिए अपना सिटीजन फीडबैक दिया। उन्होनें कलेक्ट्रेड कार्यालय में निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री सहित उपस्थित नगर निगम के अधिकारी कर्मचारियों से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों के तहत शहर में किये जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी ली एवं बेहतर रैंकिंग पाने हेतु समग्र प्रयास सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा की स्वच्छता के सभी मापदण्डों में सागर खरा उतरे, विगत वर्ष जिन पैरामीटरों में कम अंक मिले थे उनमें प्राथमिकता से सुधार करें और बेहतर प्लानिंग के साथ सभी 100% यानि 12500 अंकों को प्राप्त करने का प्रयास करें। उन्होंने नगर निगम को विगत वर्षों से इस वर्ष और बेहतर प्रयास करने हेतु शुभकामनाएं दीं।उन्होंने सागर के रहवासियों से अपील करते हुए कहा की स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारी के तहत सर्वे कार्य प्रारंभ हो चुका है। अपना सागर स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नंबर-1 पर रहे और हम सबसे स्वच्छ शहर के रूप में जाने जाएं इसके लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। जिस प्रकार नगर निगम की टीम शहर में आवासीय और व्यवसायिक क्षेत्रों में सुबह से आपके घरों प्रतिष्ठानों से कचरे का डोर टू डोर संग्रह करती है, सड़कों नाले-नालियों कीे नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करती है। नगर निगम की टीम नागरिकों के उपयोग के लिए बेहतर सुविधा प्रदान करने हेतु शहर में जितने भी सार्वजनिक सामुदायिक टाॅयलेट्स हैं उनकी सफाई कर व्यवस्थित रखती है। आधारभूत संरचना विकास एवं मूलभूत ढ़ाचे में सुधार कर अत्यावश्यक सुविधओं सेवाओं के माध्यम से शहर को बेहतर बनाने का प्रयास करती है। तो नागरिक के रूप में हम सभी का ये दायित्व है की हम नगर निगम की टीम को सहयोग करें। जब भी हम घर से बाहर जायें तो सार्वजनिक और सामुदायिक टाॅयलेट्स का उपयोग करें, खुले में प्रसाधन न करें कचरा खुले में न फेकें लिटर बिन्स डस्टबिन का उपयोग करें। सभी रहवासी अपने घरों का कचरा गीला सूखा अलग अगल डस्टबिन में रखकर कचरागाड़ी में ही दें। जो भी बाजार क्षेत्र हैं उनमें ठेला रहड़ी व्यापारी हो या बड़े प्रतिष्ठान संचालक सभी अपने अपने कचरे को एक जगह डस्टबिन में एकत्र रखें और गीला सूखा अलगकर कचरागाड़ी में दें। अपनी दुकान के आसपास साफसफाई बनाए रखें। उन्होंने कहा की आप रहवासियों के सहयोग से सागर नगर निगम स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता में न सिर्फ नंबर-1 बनेगा बल्कि एक सदैव स्वच्छ रहने वाले शहर के रूप में सागर ख्याति प्राप्त करेगा। वाॅटर प्लस के लिए सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के कुशल संचालन से हमारे जलस्रोत साफ स्वच्छ हो रहें हैं, जहां भी स्टार्म वाॅटर ड्रेनेज नाले हैं उनमें केवल वर्षाजल ही जाये इस प्रकार की स्वच्छता को लेकर जो सुविधाएं और प्रयास है उनकों और बेहतर बनाते हुए नागरिकों के लिए स्वच्छ वातावरण तैयार करने के लिए प्रशासन कटिबद्ध है। इसलिए आपका सकारात्मक सहयोग नगर निगम की टीम को प्रोत्साहित करेगा। सागर को स्वच्छता में नंबर 1 बनाने में हम सब अपनी भूमिका मिलकर निभाएंगे। सभी अपना स्वच्छ सर्वेक्षण सिटीजन फीडबैक अवश्य दें। शहरी स्वच्छता को मजबूत करने में नागरिक सक्रिय भागीदारी निभाएं। सभी नागरिक स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर के निर्माण में सहयोग हेतु अपनी प्रतिक्रिया और सुझाव फीडबैक के माध्यम से अवश्य साझा करें। निखिल सोधिया/ईएमएस/08/05/2026