- उन्मुखीकरण कार्यक्रम में छात्राओं को बताए पोर्टल पंजीयन के गुर, व्यावहारिक अनुभव से संवरेगा व्यावसायिक भविष्य :: इंदौर (ईएमएस)। शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर (एमएलबी) महाविद्यालय, किलाभवन में छात्राओं के व्यावसायिक भविष्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का भव्य आगाज हुआ। कॉलेज के अंतिम वर्ष की छात्राओं के लिए आयोजित इस विशेष उन्मुखीकरण कार्यक्रम का मूल ध्येय उन्हें उद्योग जगत की व्यावहारिक कार्यप्रणाली से रूबरू कराना और कौशल विकास के वैश्विक अवसरों से जोड़ना था। प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव के संरक्षण और योजना प्रभारी डॉ. शीतल झा के मार्गदर्शन में संपन्न इस कार्यक्रम में छात्राओं को डिजिटल इंडिया के दौर में इंटर्नशिप की महत्ता को विस्तार से समझाया गया। योजना प्रभारी डॉ. शीतल झा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान को जब तक व्यावहारिक अनुभव की कसौटी पर न कसा जाए, तब तक व्यावसायिक दक्षता अधूरी रहती है। प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना इसी शून्यता को भरने का एक सशक्त माध्यम है, जो छात्राओं को वास्तविक कार्य वातावरण में सीखने, समझने और खुद को निखारने का एक पारदर्शी मंच प्रदान करती है। उन्होंने छात्राओं को योजना के तहत प्राप्त होने वाली मासिक सहायता राशि, बीमा सुरक्षा और अनुभव प्रमाण-पत्र जैसे लाभों के बारे में जानकारी देते हुए इसे महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। कार्यशाला के दौरान तकनीकी सत्र में छात्राओं को डिजिटल पोर्टल पर प्रोफाइल निर्माण और ऑनलाइन आवेदन की पूरी प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शित किया गया। आधार सत्यापन और ई-केवाईसी जैसी तकनीकी बारीकियों पर भी विशेषज्ञों ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया ताकि वे स्वयं अपने मोबाइल के माध्यम से आवेदन कर सकें। महाविद्यालय द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विशेष व्हाट्सऐप समूह और डेटाबेस तैयार किया गया है, ताकि निरंतर संवाद बना रहे। निधि गुप्ता के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं का भारी उत्साह देखने को मिला और कई छात्राओं ने मौके पर ही पोर्टल पर अपना सफल पंजीयन भी पूर्ण किया। प्रकाश/08 मई 2026